देश

भारत की पहली बुलेट ट्रेन को मिल रहा आधुनिक लुक, BEML फैक्ट्री में तैयार हो रहे हाई स्पीड कोच; सामने आईं तस्वीरें

Bullet Train Project: भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना अब निर्माण के अगले अहम चरण में पहुंच रही है। हाई स्पीड ट्रेन के कोच तैयार करने का काम तेजी से जारी है।

Image

बुलेट ट्रेन को मिल रहा आधुनिक लुक

Photo : Times Now Digital

Bullet Train Project: भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना निर्माण के एक अहम चरण की ओर बढ़ रही है। हाई स्पीड ट्रेन के कोच तैयार करने का काम तेजी से जारी है। इसके साथ ही ट्रेन के संचालन से जुड़े रेल कॉरिडोर और स्टेशनों के निर्माण की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बेंगलुरु स्थित BEML फैक्ट्री में भारत की पहली बुलेट ट्रेन के कोच तैयार किए जा रहे हैं।

फैक्ट्री में निर्माणाधीन हाई स्पीड ट्रेन के कोच की तस्वीरों में इसका आधुनिक डिजाइन और आकर्षक रंग दिखाई दे रहा है। ट्रेन के बाहरी हिस्से को केसरिया, काले और सफेद रंगों से सजाया गया है, जो इसे अलग और आधुनिक लुक देते हैं।

आधुनिक डिजाइन और एयरोडायनामिक लुक

बुलेट ट्रेन का डिजाइन आधुनिक हाई स्पीड ट्रेनों की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। इसके अगले हिस्से को एयरोडायनामिक डिजाइन दिया गया है, ताकि तेज गति के दौरान हवा का प्रतिरोध कम हो और ट्रेन बेहतर तरीके से गति हासिल कर सके। कोच का निर्माण, उसके बाहरी ढांचे और डिजाइन से जुड़े काम के साथ ट्रेन को परिचालन के लिए तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

Bullet Train Project

BEML फैक्ट्री में तैयार हो रहे हाई स्पीड कोच

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बुलेट ट्रेन को लेकर सामने आया नया अपडेट

बुलेट ट्रेन का पटरी पर कब होगा ट्रायल?

बुलेट ट्रेन को चलाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मई 2027 में सूरत से बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन शुरू करने की तैयारी है। इसके साथ ही देश की पहली हाईस्पीड रेल परियोजना एक बड़े पड़ाव की ओर बढ़ रही है। रेलवे की योजना के मुताबिक, जनवरी 2027 के अंत तक सूरत-बिलिमोरा सेक्शन पर सिग्नलिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद मई में इस रूट पर बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन शुरू होगा।

280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से होगी टेस्टिंग

बुलेट ट्रेन को 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की तैयारी है। इसके लिए ट्रैक, बिजली आपूर्ति, सिग्नलिंग और सुरक्षा से जुड़े सिस्टम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जनवरी के अंत तक सिग्नलिंग का काम पूरा होने के बाद ट्रायल रन की तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article