Noida Encounter: राजधानी से सटे नोएडा में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर-58 पुलिस को शनिवार रात बड़ी सफलता हाथ लगी है। सेक्टर-62 स्थित जयपुरिया चौराहे के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर उसके 3 अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी एक संगठित सरिया चोर गिरोह के सदस्य हैं, जो निर्माणाधीन साइटों से सरिया चुराकर गाजियाबाद के कबाड़ी को बेचते थे।
चेकिंग के दौरान बाइक फिसली, बदमाशों ने चलाई गोली
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सेक्टर-68/62 के पास पुलिस टीम रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जयपुरिया चौराहे के पास अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश तेज गति से बाइक लेकर भागने लगे। बाइक फिसली और फायरिंग: पुलिस टीम ने जब उनका पीछा किया, तो डी पार्क के सामने घुमावदार मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों की तरफ भागा, जिसे पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया। दोनों से मिली जानकारी और निशानदेही पर पुलिस ने उनके दो अन्य साथियों को खोड़ा रोड से एक स्कूटर रेहड़े के साथ गिरफ्तार कर लिया।
सरगना पर दर्ज हैं 12 से ज्यादा केस
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान राजू सिंह उर्फ राजा, राहुल सिंह, अर्जुन और सुनील के रूप में हुई है। गिरोह का सरगना राजू सिंह उर्फ राजा, जो दिल्ली के कल्याणपुरी का निवासी है, मुठभेड़ में घायल हुआ। उसके खिलाफ नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी समेत अन्य अपराधों के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, मौके से गिरफ्तार राहुल सिंह के खिलाफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। अर्जुन पर चोरी के दो मामले दर्ज हैं, जबकि सुनील के खिलाफ सरिया चोरी का मुकदमा दर्ज है। चारों आरोपी दिल्ली के कल्याणपुरी क्षेत्र के निवासी हैं।घायल बदमाश राजू उर्फ राजा को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
वे नोएडा और आसपास के इलाकों में दिन के समय निर्माणाधीन इमारतों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय वहां से भारी मात्रा में सरिया चुराकर स्कूटर रेहड़े पर लाद लेते थे। चुराए गए सरिये को वे गाजियाबाद के एक कबाड़ी को बेचकर आपस में पैसे बांट लेते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पिछले एक महीने के दौरान करीब 15 से 16 निर्माण स्थलों से सरिया चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
चोरी की अपाचे बाइक और अवैध असलहा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है। जांच में पता चला कि बरामद बाइक चोरी की है, जिसके संबंध में वर्ष 2022 में थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज कराया गया था। .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा। 2,500 रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल होने वाला एक स्कूटर रेहड़ा। थाना सेक्टर-58 पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि गाजियाबाद का कौन सा कबाड़ी इनसे चोरी का सरिया खरीदता था। कबाड़ी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
