वायरल न्यूज़

कमर के नीचे से पैरालाइज, फिर भी स्केटबोर्ड पर दिखाया कमाल, 55 साल के इस शख्स का Video Viral

55 साल के एक शख्स कमर के नीचे से पैरालाइज होने के बावजूद व्हीलचेयर पर स्केटबोर्डिंग कर रहे हैं। इतना ही नहीं चलने में असमर्थ यह शख्स अपने इस कमजोरी के बावजूद भी कई कीर्तिमान बना चुके हैं।

Image

चलने में असमर्थ शख्स स्केटिंग करता हुआ (Facebook/@Junwu Xie)

सोशल मीडिया (Social Media) पर इन दिनों चीन के एक शख्स का वीडियो (Video) लोगों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो में वह व्हीलचेयर पर बैठकर स्केटबोर्डिंग करते नजर आते हैं। कभी वह तेजी से मुड़ते हैं, तो कभी शानदार अंदाज में अपना बैलेंस बनाए रखते हैं। उन्हें इस तरह स्केटबोर्डिंग करते देखकर लोग हैरान हैं। खास बात यह है कि वह कमर के नीचे से पैरालाइज हैं और अपने पैरों पर चल नहीं सकते। इसके बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और हुनर से कई उपलब्धियां हासिल की हैं।

कौन है यह शख्स?

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, इस शख्स का नाम झी जुनवू है। 55 साल के झी चीन के जियांग्शी प्रांत के नानचांग शहर में रहते हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें 'विंड-ब्रेकिंग राइडर' के नाम से भी जाना जाता है। वे मुश्किल हालात के बावजूद भी अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश करते हैं और पूरा कर भी लेते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

19 साल की उम्र में हादसे ने बदल दी जिंदगी

झी की जिंदगी में बड़ा बदलाव तब आया, जब वह महज 19 साल के थे। एक पेड़ से गिरने के कारण उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लग गई। इस हादसे के बाद उनके कमर के नीचे का हिस्सा पैरालाइज हो गया और वह चलने में असमर्थ हो गए। शुरुआत के करीब आठ साल तक वह अपनी मां पर निर्भर रहे। साल 2000 में उनकी मां का निधन हो गया। इस घटना के बाद उन्होंने अपनी जिंदगी को नए सिरे से संभालने और आत्मनिर्भर बनने का फैसला किया।

व्हीलचेयर को ही बना लिया अपनी ताकत

साल 2004 में झी ने एक ऐसे व्यक्ति को देखा, जो व्हीलचेयर के पिछले पहियों पर संतुलन बनाकर कई करतब दिखा रहा था। यह देखकर उन्हें भी कुछ नया सीखने की प्रेरणा मिली। उन्होंने इंटरनेट की मदद से व्हीलचेयर चलाने के मुश्किल तरीके सीखे। लगातार प्रैक्टिस करके उन्होंने पिछले पहियों पर बैलेंस बनाना, सीढ़ियां चढ़ना और बास्केटबॉल खेलना जैसी स्किल सीख लीं। इस दौरान उन्हें कई बार चोट भी लगी, लेकिन उन्होंने कोशिश करना नहीं छोड़ा।

व्हीलचेयर पर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

झी की मेहनत का नतीजा मई 2012 में सामने आया। उन्होंने व्हीलचेयर के पिछले पहियों पर संतुलन बनाकर 25.8 किलोमीटर की दूरी तय की और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड 19.96 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले एक अमेरिकी के नाम था। इसके अलावा, वह कई मैराथन में हिस्सा ले चुके हैं और 32 फिनिशर मेडल जीत चुके हैं। वह चीन के मशहूर माउंट हुआंगशान की चोटी तक भी कई बार पहुंच चुके हैं।

बचपन का सपना पूरा करने के लिए शुरू की स्केटबोर्डिंग

इतनी उपलब्धियां हासिल करने के बाद भी झी का एक सपना अधूरा था। वह स्केटिंग करना चाहते थे। आखिरकार, उन्होंने अपने व्हीलचेयर को स्केटबोर्ड से जोड़ने के लिए उसमें बदलाव करवाया और अभ्यास शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उन्होंने स्केटबोर्ड पर बैलेंस बनाना और तेजी से मुड़ना सीख लिया। अब उनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। झी का कहना है कि उनके हाथ उनके पैर बन गए हैं और व्हीलचेयर उनके जूते।

अब दूसरों को भी दे रहे हैं प्रेरणा

आज झी सिर्फ अपने हुनर के लिए ही नहीं, बल्कि दूसरों की मदद करने के लिए भी जाने जाते हैं। वह रीढ़ की हड्डी में चोट से जूझ रहे लोगों को आत्मनिर्भर बनने में मदद करते हैं। अब उनका सपना चीन में व्हीलचेयर स्केटबोर्डिंग प्रतियोगिता आयोजित करना है, ताकि दूसरे लोग भी अपनी क्षमताओं को पहचान सकें।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article