हेल्थ

सर्दियों में शरीर को बड़े फायदे पहुंचाता है छोटा सा तिल, ऐसे खाया तो स्वाद और सेहत दोनों रहेंगे बरकरार

Sesame Seeds Benefits in Winter: सर्दियों में तिल का सेवन शरीर को अंदर से गर्म और मजबूत बनाता है। इसमें कैल्शियम, आयरन और ओमेगा-3 फैटी एसिड भरपूर होते हैं। आज हम आपको तिल के सेवन के कुछ असरदार तरीके बताने जा रहे हैं। जो सर्दियों में आपकी इम्युनिटी और ऊर्जा बढ़ाने में मदद करते हैं।

Image

सर्दियों में तिल खाने के फायदे

Sesame Seeds Benefits in Winter: जैसे ही सर्दियों की दस्तक होती है, शरीर को अतिरिक्त देखभाल और पोषण की जरूरत महसूस होने लगती है। ठंडी हवा, सुस्ती और जोड़ों की जकड़न से बचने के लिए खान-पान में कुछ खास चीजों को शामिल करना जरूरी हो जाता है। इन्हीं में से एक है तिल। आयुर्वेद में तिल को सर्दियों का सुपरफूड माना गया है, क्योंकि यह शरीर को अंदर से गर्म रखने के साथ-साथ ताकत भी देता है।

तिल में कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम और ओमेगा-3 फैटी एसिड भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह हड्डियों को मजबूत बनाता है, जोड़ों के दर्द से राहत देता है और त्वचा को रूखापन से बचाता है। अगर आप चाहते हैं कि सर्दियों में आपका शरीर फिट, एनर्जेटिक और बीमारियों से दूर रहे, तो तिल को इन पांच तरीकों से अपनी डाइट में जरूर शामिल करें।

1. तिल-गुड़ के लड्डू

तिल और गुड़ का कॉम्बिनेशन सर्दियों का सबसे भरोसेमंद नुस्खा माना जाता है। भुने हुए तिल को गुड़ की चाशनी में मिलाकर इलायची पाउडर डालें और लड्डू बनाएं। अगर इसमें थोड़ा कसा हुआ नारियल और सूखी सोंठ मिला दी जाए, तो यह जोड़ों के दर्द, सर्दी-खांसी और कमजोरी में भी बेहद फायदेमंद साबित होता है।

2. तिल और अलसी का मुखवास

भुने हुए तिल और अलसी को बराबर मात्रा में मिलाकर थोड़ा काला नमक और नींबू का रस डालें। भोजन के बाद इसका एक चम्मच सेवन करें और अच्छे से चबाएं। यह न सिर्फ पाचन को बेहतर बनाता है, बल्कि कैल्शियम के अवशोषण को भी बढ़ाता है, जिससे हड्डियां मजबूत रहती हैं।

3. तिल का दूध

जो लोग दूध नहीं पी सकते या प्लांट-बेस्ड डाइट पसंद करते हैं, उनके लिए तिल का दूध बेहतरीन विकल्प है। रात भर भिगोए हुए तिल को सुबह खजूर और पानी के साथ ब्लेंड करें, फिर छानकर हल्का गुनगुना करके पिएं। यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है और हड्डियों को मजबूती प्रदान करता है।

4. तिल की चटनी

भुने हुए तिल में लहसुन, अदरक, हरी मिर्च और थोड़ा दही या नींबू डालकर पीस लें। ऊपर से कच्चा सरसों का तेल डालें। यह चटनी ब्लड सर्कुलेशन सुधारने, कोलेस्ट्रॉल कम करने और शरीर को गर्म रखने में मदद करती है। रोटी या चावल के साथ इसका स्वाद दोगुना हो जाता है।

5. तिल और मूंगफली की चिक्की

मूंगफली और तिल को गुड़ के साथ मिलाकर चिक्की बनाएं। यह सर्दियों का हेल्दी स्नैक है, जो शरीर को गर्म रखने के साथ-साथ फेफड़ों को भी मजबूत करता है। इसे खाने के बाद गुनगुना पानी पीने से सर्दी-खांसी में भी राहत मिलती है।

सर्दियों में तिल का सेवन क्यों जरूरी है?

सर्दियों में तिल का नियमित सेवन इम्युनिटी बढ़ाता है, जोड़ों के दर्द से बचाता है और त्वचा को अंदर से पोषण देता है। हालांकि, इसकी तासीर गर्म होती है, इसलिए सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article