Damp Clothes Health Risks: बारिश का मौसम आते ही एक परेशानी लगभग हर घर में शुरू हो जाती है - कपड़ों का देर से सूखना। कई बार कपड़े बाहर से तो सूखे लगते हैं, लेकिन उनमें हल्की नमी बनी रहती है। जल्दबाजी में लोग ऐसे ही कपड़े पहन लेते हैं। यह एक छोटी सी गलती लग सकती है, लेकिन इसका असर आपकी त्वचा और सेहत पर पड़ सकता है।
हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल्स के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. दिलीप गुडे के अनुसार, गीले या अधसूखे कपड़ों में नमी बनी रहती है, जिससे कीटाणुओं और फंगस को बढ़ने का मौका मिलता है। यही वजह है कि मानसून में त्वचा से जुड़ी समस्याएं ज्यादा देखने को मिलती हैं।
खुजली और दाद जैसी समस्याएं
जब कपड़ों में नमी रहती है, तो शरीर के कुछ हिस्सों में फंगस तेजी से बढ़ सकता है। खासकर बगल, जांघों के बीच, पैरों की उंगलियों के बीच और त्वचा की सिलवटों में। इससे दाद, खुजली और जलन जैसी परेशानियां शुरू हो सकती हैं।
त्वचा पर लाल चकत्ते और रैशेज
गीले कपड़े लंबे समय तक त्वचा के संपर्क में रहें तो त्वचा में जलन होने लगती है। कई लोगों को लाल चकत्ते, छोटे दाने या रैशेज की शिकायत हो सकती है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो समस्या बढ़ भी सकती है।
त्वचा छिल सकती है और संक्रमण का खतरा
अधसूखे कपड़े त्वचा से लगातार रगड़ खाते रहते हैं। इससे त्वचा कमजोर पड़ सकती है और उसकी प्राकृतिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। ऐसे में कीटाणुओं के लिए शरीर में प्रवेश करना आसान हो जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: प्रेगनेंसी में बार-बार होती है एसिडिटी, डॉक्टर ने बताए राहत पाने के आसान तरीके, ज्यादातर महिलाएं करती हैं ये गलती
कुछ लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत
डॉ. गुडे बताते हैं कि जिन लोगों को डायबिटीज है, जिनका वजन ज्यादा है, जिन्हें बहुत पसीना आता है या जिनकी रोगों से लड़ने की क्षमता कमजोर है, उनमें संक्रमण का खतरा और अधिक होता है। ऐसे लोगों को गीले कपड़े पहनने से खासतौर पर बचना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:क्या डार्क चॉकलेट के साथ ब्लैक कॉफी पीने से तेजी से घटता है वजन, एक्सपर्ट से जानिए पूरी सच्चाई
अधसूखे तौलिए और अंडरगार्मेंट्स भी नुकसान पहुंचा सकते हैं - damp clothes side effects
कई लोग सोचते हैं कि सिर्फ कपड़ों से ही समस्या होती है, लेकिन अधसूखे तौलिए, मोजे, अंडरगार्मेंट्स और जिम के कपड़े भी संक्रमण की वजह बन सकते हैं। इन्हें अच्छी तरह सुखाकर ही इस्तेमाल करना चाहिए।
बचाव का आसान तरीका
मानसून में कोशिश करें कि कपड़े पूरी तरह सूखने के बाद ही पहनें। अगर कपड़े भीग जाएं तो उन्हें जल्द बदल लें। कॉटन जैसे हल्के और आरामदायक कपड़े पहनें, जिससे त्वचा सूखी रहे। अगर खुजली, लालपन या त्वचा पर निशान जैसी परेशानी लगातार बनी रहे तो डॉक्टर से सलाह लेने में देरी न करें।
डॉ. दिलीप गुडे के मुताबिक, बारिश के मौसम में छोटी-सी सावधानी आपको कई त्वचा संबंधी परेशानियों से बचा सकती है। इसलिए कपड़ों के पूरी तरह सूखने का इंतजार करना आपकी सेहत के लिए भी जरूरी है।
