हेल्थ

नए साल 2026 में पाएं सांस की समस्या से छुटकारा, पल्मोनोलॉजिस्ट ने बताया फेफड़ों को फिट रखने का तरीका

  • Authored by: Vineet
  • Updated Jan 1, 2026, 01:44 PM IST

New Year Habits For Better Lung Health: अगर आप सांस की दिक्कत, खांसी-बलगम या फेफड़ों की कमजोरी से परेशान हैं, तो नए साल में आप इनसे आसानी से छुटकारा पा सकते हैं। नए साल में कुछ सरल आदतों को अपनाकर आप आसानी से अपने फेफड़ों को स्वस्थ रख सकते हैं। आज हम आपको नए साल 2026 में फेफड़ों को हेल्दी रखने के लिए डॉक्टर की टिप्स बताएंगे।

फेफड़ों को फिट रखने का तरीका

फेफड़ों को फिट रखने का तरीका (AI Image)

New Year Habits For Better Lung Health: नया साल 2026 शुरू हो चुका है और अगर आप भी चाहते हैं कि इस साल सांस की दिक्कत, सीने में जकड़न, बार-बार खांसी या थकान से राहत मिले, तो फेफड़ों की देखभाल को अपना पहला हेल्थ रेजॉल्यूशन बना लें। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. प्रणय साई चंद्रगिरी के मुताबिक, बढ़ते प्रदूषण, धुआं, एलर्जी और खराब लाइफस्टाइल की वजह से फेफड़ों पर बहुत दबाव पड़ता है। लेकिन कुछ आसान दिनचर्या और छोटी-छोटी आदतें हमारे लंग्स की हेल्थ को काफी हद तक बेहतर कर सकती हैं। इस आर्टिकल में हम उन्हीं आदतों के बारे में बात कर रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप नए साल में सांस लेना आसान बना सकते हैं और फेफड़ों को मजबूत रख सकते हैं।

रोजाना सही तरीके से सांस लें

डॉ. प्रणय साई चंद्रगिरी बताते हैं कि डायाफ्रामेटिक ब्रीदिंग, पर्स्ड-लिप ब्रीदिंग और प्राणायाम से फेफड़ों में ऑक्सीजन फ्लो बढ़ता है और सांस लेने की क्षमता बेहतर होती है। यह हर उम्र के लोगों के लिए आसान और असरदार तकनीक है। योगा और गहरी सांस लेने की एक्सरसाइज तनाव कम करती हैं, जिससे अस्थमा और COPD जैसी समस्याओं में भी राहत मिलती है।

प्रदूषण से बचाव जरूरी

सर्दियों में प्रदूषण और स्मॉग बढ़ जाता है, खासकर नवंबर-दिसंबर में। ऐसे दिनों में बाहर निकलने से पहले AQI देखना जरूरी है। हवा खराब होने पर मास्क पहनें और जहां तक हो सके, ट्रैफिक और कंस्ट्रक्शन वाले इलाकों में वॉक या एक्सरसाइज करने से बचें। घर में एयर प्यूरीफायर या वेंटिलेशन बेहतर रखना भी काफी मददगार होता है।

धूम्रपान छोड़ें, सेकेंड हैंड स्मोक से भी दूरी रखें

फेफड़ों को सबसे ज्यादा नुकसान स्मोकिंग करती है। धुआं फेफड़ों की टिश्यू को खराब करता है और ऑक्सीजन अवशोषण कम करता है। डॉक्टर के अनुसार, अगर आप अभी धूम्रपान छोड़ दें तो फेफड़े खुद को रिकवर करना शुरू कर देते हैं। इसलिए नया साल, धूम्रपान छोड़ने का सबसे अच्छा समय है।

शारीरिक गतिविधि और एक्सरसाइज

हर दिन कम से कम 30 मिनट वॉक, साइकलिंग, स्विमिंग या हल्की जॉगिंग फेफड़ों को मजबूत बनाती है। इससे ब्लड सर्कुलेशन सुधरता है और बॉडी को बेहतर तरीके से ऑक्सीजन मिलती है। स्लो-एंड-स्टेडी रूटीन रखें, शुरुआत धीरे से करें और फिर बढ़ाएं।

सही डाइट, इम्यूनिटी और वैक्सीनेशन

फलों, हरी सब्जियों, साइट्रस फल, नट्स, सीड्स और ओमेगा-3 से भरपूर आहार फेफड़ों में सूजन कम करता है। भरपूर पानी पीने से एयरवे हाइड्रेटेड रहते हैं और बलगम नहीं जमता। डॉक्टर फ्लू और निमोनिया वैक्सीन जैसे समय पर टीकाकरण की सलाह देते हैं ताकि संक्रमण का खतरा कम हो सके।

Vineet
Vineet author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article