हेल्थ

PCOS में ब्रेकफास्ट स्किप करना क्यों बन सकता है परेशानी, आयुर्वेदाचार्य से जानिए बड़ी वजह

PCOS Breakfast Skip Side Effects: क्या PCOS में वजन घटाने के लिए नाश्ता छोड़ना सही है? आयुर्वेदाचार्य बताती हैं कि ऐसा करने से हार्मोन, त्वचा और भूख पर क्या असर पड़ सकता है।

Image

PCOS की समस्या में नाश्ता क्यों स्किप नहीं करनी चाहिए

PCOS Breakfast Skip Side Effects: आजकल वजन घटाने के लिए कई लोग सुबह का नाश्ता छोड़ देते हैं। इंटरमिटेंट फास्टिंग (Intermittent Fasting) भी काफी लोकप्रिय हो गई है। लेकिन अगर आपको PCOS यानी पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम की समस्या है, तो बिना सोचे-समझे ब्रेकफास्ट स्किप करना आपके लिए सही फैसला नहीं हो सकता। आयुर्वेदाचार्य और हेल्थ इंफ्लुएंसर डॉ. वरलक्ष्मी यानमंद्रा के अनुसार, PCOS में शरीर पहले से ही हार्मोन और ब्लड शुगर के उतार-चढ़ाव से जूझ रहा होता है। ऐसे में लंबे समय तक खाली पेट रहने से परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए केवल वजन कम करने के बारे में सोचने की बजाय यह समझना भी जरूरी है कि आपका शरीर किस चीज की जरूरत महसूस कर रहा है।

PCOS में खाली पेट रहना क्यों ठीक नहीं माना जाता

डॉ. वरलक्ष्मी यानमंद्रा बताती हैं कि PCOS में शरीर का संतुलन पहले से ही थोड़ा बिगड़ा हुआ रहता है। ऐसे में अगर सुबह का नाश्ता छोड़ दिया जाए, तो शरीर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। कई बार लोग सोचते हैं कि कम खाना ही वजन घटाने का सबसे आसान तरीका है, लेकिन PCOS में यह तरीका हर किसी पर सही साबित नहीं होता। इसलिए बिना सलाह के लंबे समय तक खाली पेट रहने से बचना बेहतर माना जाता है।

ब्रेकफास्ट छोड़ने पर शरीर में क्या होता है

डॉक्टर के मुताबिक, जब आप सुबह कुछ नहीं खाते, तो शरीर को ऊर्जा की जरूरत पूरी करने के लिए लिवर खून में ज्यादा शुगर छोड़ सकता है। साथ ही शरीर में तनाव बढ़ाने वाला हार्मोन कोर्टिसोल भी बढ़ सकता है, जिससे शरीर खुद को सक्रिय रखने की कोशिश करता है। इसके बाद जब आप देर से खाना खाते हैं, तो ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकती है। इसका असर यह होता है कि थोड़ी देर बाद फिर से भूख लगने लगती है और मीठा या ज्यादा खाने का मन करता है।

त्वचा और हार्मोन पर भी पड़ सकता है असर

डॉ. वरलक्ष्मी यानमंद्रा के अनुसार, बार-बार ब्लड शुगर बढ़ने से शरीर में इंसुलिन का स्तर भी बढ़ सकता है। इसका असर दूसरे हार्मोन पर भी पड़ सकता है। यही वजह है कि कुछ महिलाओं में मुंहासे बढ़ सकते हैं या चेहरे पर अनचाहे बाल आने जैसी समस्याएं ज्यादा नजर आ सकती हैं। इसलिए PCOS में सिर्फ वजन कम करने के लिए नाश्ता छोड़ना समझदारी नहीं मानी जाती।

PCOS में कैसा नाश्ता करना चाहिए

डॉ. यानमंद्रा सलाह देती हैं कि सुबह का नाश्ता ऐसा होना चाहिए जो पेट भी भरे और शरीर को धीरे-धीरे ऊर्जा भी देता रहे। इसके लिए नाश्ते में फाइबर, प्रोटीन, हेल्दी फैट और ऐसे कार्बोहाइड्रेट शामिल करें जो जल्दी पचकर शुगर न बढ़ाएं। इससे लंबे समय तक पेट भरा रहता है और बार-बार कुछ खाने की इच्छा भी कम होती है।

ये ब्रेकफास्ट विकल्प हो सकते हैं बेहतर

डॉ. वरलक्ष्मी यानमंद्रा PCOS वाली महिलाओं के लिए कुछ आसान और संतुलित नाश्ते के विकल्प भी सुझाती हैं। इनमें बेसन का चीला, सॉरडो ब्रेड पर हम्मस, राजगीरा (अमरनाथ) की दलिया जिसमें ऊपर से हेम्प सीड्स और थोड़ी किशमिश डाली गई हो, सब्जियों के साथ टोफू स्क्रैम्बल और मूंगफली की चटनी के साथ इडली शामिल हैं। ये सभी विकल्प शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद कर सकते हैं।

एक्सपर्ट की क्या है सलाह

अगर आपको PCOS है, तो सिर्फ वजन घटाने के लिए ब्रेकफास्ट छोड़ना सही तरीका नहीं माना जाता। आयुर्वेदाचार्य और हेल्थ इंफ्लुएंसर डॉ. वरलक्ष्मी यानमंद्रा के अनुसार, संतुलित और पौष्टिक नाश्ता शरीर के लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। हालांकि हर महिला की स्वास्थ्य स्थिति अलग होती है, इसलिए अपनी डाइट या फास्टिंग की आदत में कोई भी बड़ा बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य डाइटिशियन से सलाह जरूर लें। इससे आप वजन घटाने के साथ-साथ अपनी हार्मोनल सेहत का भी बेहतर ख्याल रख पाएंगी।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article