हेल्थ

नए साल में पेट को हेल्दी रखना है तो कम कर दें चीनी, नहीं हुई कंट्रोल तो बिगड़ जाएगी सेहत, उठाएं ये स्टेप

  • Authored by: Vineet
  • Updated Jan 4, 2026, 07:01 AM IST

How To Cut Sugar In New Year: नए साल में अगर पेट को सच में हेल्दी रखना चाहते हैं, तो चीनी कम करना बेहद जरूरी है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक ज्यादा शुगर गट बैक्टीरिया को नुकसान पहुंचाती है, जिससे गैस, एसिडिटी और सूजन जैसी दिक्कतें बढ़ती हैं। जानिए क्यों चीनी कंट्रोल न करने पर बिगड़ सकती है सेहत और पेट को स्वस्थ रखने के आसान स्टेप।

गट हेल्थ क्यों है इतनी जरूरी

गट हेल्थ क्यों है इतनी जरूरी (AI Image)

How To Cut Sugar In New Year: नया साल आते ही हम सब कुछ न कुछ अच्छा करने का मन बनाते हैं। कोई वजन घटाने की सोचता है, तो कोई फिट रहने का। लेकिन अक्सर हम एक छोटी-सी आदत को नजरअंदाज कर देते हैं, जो हमारी सेहत पर बड़ा असर डालती है, और वो है ज्यादा चीनी खाना। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के कंसल्टेंट मेडिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट और हेपेटोलॉजिस्ट डॉ. सरदा पसंगुलपति के अनुसार, चीनी सिर्फ मोटापा या डायबिटीज ही नहीं बढ़ाती, बल्कि पेट यानी गट हेल्थ को भी धीरे-धीरे खराब कर देती है। अगर नए साल में पेट को हेल्दी रखना है, तो अब चीनी कम करने का सही वक्त है।

गट हेल्थ क्यों है इतनी जरूरी

हमारे पेट में करोड़ों अच्छे बैक्टीरिया रहते हैं, जो पाचन, इम्युनिटी और ओवरऑल हेल्थ का ख्याल रखते हैं। जब हम जरूरत से ज्यादा चीनी खाते हैं, तो ये हानिकारक बैक्टीरिया को बढ़ावा देती है और अच्छे बैक्टीरिया कम होने लगते हैं। इस असंतुलन को डिस्बायोसिस कहा जाता है, जिससे पेट फूलना, एसिडिटी और बार-बार पेट खराब होने जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं।

ज्यादा चीनी से क्यों बिगड़ता है पेट

एक्सपर्ट्स बताते हैं कि ज्यादा शुगर गट में सूजन बढ़ाती है और आंतों की परत को कमजोर कर देती है। इसे आम भाषा में “लीकी गट” कहा जाता है। इसमें शरीर के लिए हानिकारक टॉक्सिन्स खून में पहुंच सकते हैं, जिससे लंबे समय में सूजन और मेटाबॉलिक दिक्कतें बढ़ने का खतरा रहता है।

आर्टिफिशियल स्वीटनर भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं

कई लोग चीनी छोड़कर आर्टिफिशियल स्वीटनर का सहारा लेते हैं, लेकिन ये भी पेट के बैक्टीरिया को नुकसान पहुंचा सकते हैं। अगर इन्हें रोजाना और ज्यादा मात्रा में लिया जाए, तो ब्लड शुगर कंट्रोल और गट हेल्थ दोनों प्रभावित हो सकते हैं।

पेट को हेल्दी रखने के लिए क्या खाएं

गट हेल्थ सुधारने के लिए नेचुरल और होल फूड्स को अपनाना जरूरी है। फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दही या छाछ जैसे फर्मेंटेड फूड और फाइबर से भरपूर डाइट अच्छे बैक्टीरिया को पोषण देती है। साथ ही पैकेट वाले फूड के लेबल पढ़कर छिपी हुई चीनी से बचना भी बहुत जरूरी है।

छोटे बदलाव और बड़े फायदे

चीनी कम करने से सिर्फ पेट ही नहीं, बल्कि वजन कंट्रोल, ब्लड शुगर, इम्युनिटी, स्किन और एनर्जी लेवल भी बेहतर होता है। दिनभर पानी पीते रहना भी पाचन के लिए फायदेमंद है। याद रखें, छोटे लेकिन लगातार किए गए बदलाव पूरे साल आपकी सेहत को बेहतर बना सकते हैं। नए साल में पेट को हेल्दी रखने का ये सबसे आसान और असरदार रेजोल्यूशन हो सकता है।

Vineet
Vineet author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article