हेल्थ

Monsoon Health Tips: मानसून में डायबिटीज और बीपी मरीज हो जाएं अलर्ट! फिट रहने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

Monsoon Health Tips: रिश का मौसम अपने साथ कई तरह की चुनौतियां लेकर आता है। ऐसे में डायबिटीज और बीपी के मरीजों को अधिक सावधान रहने की जरूरत है। आइए जानते हैं क्या करें और क्या न करें?

Image

मानसून के लिए हेल्थ टिप्स

Monsoon Health Tips: बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत लेकर आता है, वहीं यह अपने साथ कई हेल्थ से जुड़ी चुनौतियां भी लाता है। इस दौरान तापमान और नमी में लगातार बदलाव, संक्रमण का बढ़ता खतरा और खानपान में लापरवाही डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर (बीपी) के मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में थोड़ी-सी सावधानी और सही दिनचर्या अपनाकर मानसून का आनंद भी लिया जा सकता है और स्वास्थ्य भी बेहतर रखा जा सकता है। आइए जानते हैं डायबिटीज और बीपी के मरीजों (Health Tips) को क्या करना और क्या नहीं करना चाहिए?

संक्रमण से बचाव करें

मानसून में बैक्टीरिया, वायरस और फंगस तेजी से पनपते हैं। डायबिटीज के मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कई बार सामान्य लोगों की तुलना में कमजोर हो सकती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए बाहर का खुला या बासी खाना खाने से बचें, केवल साफ और ताजा भोजन करें तथा पीने के लिए साफ या उबला हुआ पानी ही इस्तेमाल करें।

खानपान में लापरवाही न करें

बारिश के मौसम में तली-भुनी चीजें और स्ट्रीट फूड खाने का मन करता है, लेकिन यही आदत शुगर और बीपी दोनों को प्रभावित कर सकती है। इन दिनों खाने में हरी सब्जियां, दालें, साबुत अनाज, मौसमी फल और पर्याप्त प्रोटीन शामिल करें। खानें में नमक का सेवन कम रखें और पैकेज्ड व प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनाए रखें, क्योंकि इनमें सोडियम की मात्रा अधिक हो सकती है।

नियमित जांच जरूर कराएं

मानसून में कई लोग मौसम सुहावना होने के कारण अपनी दिनचर्या बदल देते हैं, लेकिन दवाओं का समय नहीं बदलना चाहिए। डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाएं नियमित लें और समय-समय पर ब्लड शुगर तथा ब्लड प्रेशर की जांच करते रहें। यदि रीडिंग लगातार असामान्य आए या चक्कर, कमजोरी, धुंधला दिखना या सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्या हो तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

क्या करें (Do's)

समय पर दवा और जांच करें।

ताजा और घर का बना भोजन खाएं।

पर्याप्त मात्रा में साफ पानी पिएं।

रोज हल्की वॉक या योग करें।

पैरों को साफ और सूखा रखें।

ब्लड शुगर और बीपी नियमित मॉनिटर करें।

क्या न करें (Don'ts)

बाहर का खुला या बासी खाना न खाएं।

दवा बिना सलाह के बंद न करें।

ज्यादा नमक और तली-भुनी चीजें न खाएं।

गीले जूते-मोजे लंबे समय तक न पहनें।

लंबे समय तक एक जगह बैठे न रहें।

संक्रमण या असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज न करें।

हल्की-फुल्की एक्सरसाइज जारी रखें

बारिश के कारण बाहर टहलना संभव न हो तो घर के अंदर योग, स्ट्रेचिंग, प्राणायाम या हल्की एक्सरसाइज करें। नियमित शारीरिक गतिविधि ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर दोनों को नियंत्रित रखने में मदद करती है। हालांकि अत्यधिक थकाने वाली एक्सरसाइज करने से बचें और किसी भी नए व्यायाम की शुरुआत से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर होता है।

पैरों और त्वचा की खास देखभाल करें

डायबिटीज के मरीजों के लिए पैरों की देखभाल बेहद जरूरी होती है। बारिश में लंबे समय तक गीले जूते या मोजे पहनने से फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। बाहर से आने के बाद पैरों को अच्छी तरह धोकर सुखाएं और साफ, सूखे मोजे पहनें। यदि किसी प्रकार का घाव, लालिमा या सूजन दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article