हेल्थ

नींद की कमी हार्ट के लिए बड़ा खतरा, 3 रात नहीं सोने से बढ़ता है दिल की बीमारियों का रिस्क, नई रिसर्च में हुआ खुलासा

Lack Of Sleep Increase Heart Disease Risk: हाल ही में एक नए अध्ययन में नींद और हृदय स्वास्थ्य के बीच संबंध को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अध्ययन में यह सामने आया है कि लगातार खराब नींद या नींद की कमी की वजह से शरीर में सूजन और दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ता है। चलिए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं....

Image

Lack Of Sleep Increase Heart Disease Risk

Lack Of Sleep Increase Heart Disease Risk: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में देर तक जागना या पूरी नींद न ले पाना आम बात हो गई है। कई लोग सोचते हैं कि चलो एक-दो दिन नींद कम ले ली तो क्या फर्क पड़ता है। लेकिन हाल ही में स्वीडन की उप्साला यूनिवर्सिटी में हुई एक रिसर्च ने नींद को लेकर हमारी सोच बदल दी है। इस स्टडी में साफ बताया गया है कि अगर कोई इंसान लगातार सिर्फ तीन रात भी सही से नहीं सोता, तो उसके शरीर में सूजन जैसी स्थिति बनने लगती है, जो आगे चलकर दिल की बीमारियों की वजह बन सकती है। यानी नींद की अनदेखी करना दिल पर भारी पड़ सकता है।

तीन रात की कम नींद से भी बढ़ सकता है दिल का खतरा

रिसर्च में यह पाया गया कि अगर कोई व्यक्ति तीन रातों तक सिर्फ 4 घंटे की नींद लेता है, तो उसके शरीर में कुछ खास तरह के प्रोटीन बढ़ जाते हैं। ये वही प्रोटीन हैं जो शरीर में सूजन और दिल की बीमारियों से जुड़े होते हैं। यानी सिर्फ कुछ दिन की नींद की कमी भी आपके दिल की सेहत बिगाड़ सकती है।

अबकी बार युवाओं पर की गई स्टडी

अक्सर ये माना जाता था कि दिल की बीमारियां अधेड़ उम्र के लोगों में होती हैं। लेकिन इस बार रिसर्च में 16 बिल्कुल स्वस्थ और युवा पुरुषों को शामिल किया गया। इनमें भी नींद की कमी से वही खतरनाक बदलाव देखने को मिले। इसका मतलब है कि दिल को बचाना है तो कम उम्र में भी नींद को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

कैसे हुई रिसर्च?

इन युवाओं को दो बार नींद की जांच के लिए लैब में रखा गया एक बार उन्हें आराम से सोने दिया गया, दूसरी बार हर रात सिर्फ 4 घंटे की नींद दी गई। हर दिन सुबह और शाम उनके खून की जांच की गई, खासकर एक्सरसाइज के बाद। इससे पता चला कि नींद पूरी न होने पर कई हानिकारक बदलाव होने लगते हैं।

सूजन और हार्ट प्रॉब्लम से जुड़े प्रोटीन हुए एक्टिव

कम नींद लेने पर जिन प्रोटीन की मात्रा बढ़ी, वे पहले से ही हार्ट फेल, ब्लॉकेज और अन्य दिल की बीमारियों से जोड़े जा चुके हैं। मतलब साफ है, जब आप नींद नहीं लेते, तो शरीर अंदर से दिल को नुकसान पहुंचाना शुरू कर देता है।

एक्सरसाइज के कुछ फायदे फिर भी मिले

एक्सरसाइज करने से कुछ अच्छे प्रोटीन भी बढ़े, चाहे नींद पूरी हो या नहीं। लेकिन रिसर्च में यह भी बताया गया कि कम नींद के साथ वर्कआउट करने से दिल की मांसपेशियों पर ज़्यादा दबाव पड़ता है। यानी एक्सरसाइज फायदेमंद तो है, लेकिन नींद के बिना अधूरी भी।

निष्कर्ष

तो अगली बार जब आप सोचें कि "अरे, नींद तो बाद में भी ले लेंगे", तब याद रखें कि ये लापरवाही आपके दिल पर भारी पड़ सकती है। हेल्दी दिल के लिए अच्छी नींद उतनी ही जरूरी है, जितनी सही डाइट और एक्सरसाइज।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article