हेल्थ

सुबह की ये सही आदतें अपनाते ही बदलेगा पूरा दिन, सेहत और एनर्जी दोनों में होगा सुधार

Healthy morning habits in hindi: सुबह की सही आदतें पूरे दिन की सेहत तय करती हैं। आयुर्वेद के अनुसार गर्म पानी पीना, समय पर भोजन करना, पैक्ड फूड से दूरी और संतुलित थाली अपनाने से पाचन मजबूत रहता है और शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। जानिए आसान रोजमर्रा की आदतें, जो आपकी सेहत में बड़ा सुधार ला सकती हैं।

Image

दिन की शुरुआत सही आदतों से

Healthy morning habits in hindi: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत को सबसे ज्यादा नजरअंदाज किया जाता है। देर रात सोना, अनियमित खानपान और पैक्ड फूड की आदत शरीर को धीरे-धीरे कमजोर बना देती है। आयुर्वेद और आधुनिक विज्ञान दोनों मानते हैं कि अगर दिन की शुरुआत सही आदतों से की जाए, तो पूरे दिन की ऊर्जा, पाचन और सेहत बेहतर बनी रहती है।

आयुर्वेद क्या कहता है दिन की शुरुआत

आयुर्वेद के अनुसार, हमारा शरीर उसी तरह बनता है जैसा हम खाते और पीते हैं। सुबह उठते ही शरीर को सबसे पहले शुद्ध और सरल चीज की जरूरत होती है, ताकि अंदरूनी अंग सक्रिय हो सकें। सही सुबह की दिनचर्या शरीर की प्राकृतिक लय को बनाए रखने में मदद करती है।

गर्म पानी पीने से कैसे जागता है पाचन तंत्र

सुबह खाली पेट गर्म पानी पीने से शरीर में जमा गंदगी बाहर निकलने में मदद मिलती है। इससे पाचन अग्नि मजबूत होती है और पेट हल्का महसूस करता है। अगर इसमें थोड़ा सा नींबू मिला लिया जाए, तो यह मेटाबॉलिज्म को तेज करने और वजन संतुलन में भी सहायक हो सकता है।

पैक्ड फूड क्यों बन रहा है सेहत का दुश्मन

बाजार में मिलने वाला पैक्ड और प्रोसेस्ड खाना स्वाद में भले अच्छा लगे, लेकिन यह शरीर में सूजन बढ़ाता है। आयुर्वेद इसे भारी और दोष बढ़ाने वाला मानता है। लगातार ऐसा खाना खाने से शरीर सुस्त हो जाता है और थकान जल्दी महसूस होने लगती है।

समय पर भोजन करने से क्यों रहता है शरीर संतुलन में

भोजन का समय तय होना बेहद जरूरी है। जब रोज एक ही समय पर खाना खाया जाता है, तो शरीर की घड़ी सही ढंग से काम करती है। इससे ब्लड शुगर संतुलित रहता है, बार-बार भूख नहीं लगती और ओवरईटिंग की समस्या अपने आप कम हो जाती है।

संतुलित थाली और पानी से मिलती है असली ताकत

अक्सर हमारी थाली में कार्बोहाइड्रेट तो होते हैं, लेकिन प्रोटीन की कमी रह जाती है। दाल, दूध, दही, पनीर, फल और सब्जियां शरीर को जरूरी पोषण देती हैं। साथ ही पर्याप्त पानी पीना शरीर को डिटॉक्स करने और दिनभर तरोताजा रखने में मदद करता है।

Inputs: IANS

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article