Health Screening For Women Over 40 : 40 साल की उम्र महिलाओं के जीवन में काफी बड़े फेरबदल लेकर आती है। इसके पहले आपको कई तरह की बीमारियों का खतरा महसूस नहीं होता है, लेकिन 40 की उम्र पूरी होने के बाद महिलाओं में हार्मोनल परिवर्तन, हड्डियों की कमजोरी और कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ने लगता है। इसके साथ ही मेनोपॉज का समय भी इस उम्र के बाद आता है। इसलिए समय-समय पर जरूरी हेल्थ चेकअप कराए जाएं, तो इन समस्याओं को शुरुआती स्तर पर ही कंट्रोल किया जा सकता है। आइए जानते हैं वे 3 जरूरी हेल्थ चेकअप, जो हर महिला को 40 की उम्र के बाद जरूर कराने चाहिए।
ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल टेस्ट
डायबिटीज और हार्ट रोगों से बचाव के लिए आपको 40 की उम्र के बाद ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच जरूर करा लेनी चाहिए। क्योंकि इस उम्र के बाद डायबिटीज और हार्ट डिजीज का खतरा भी बढ़ जाता है। इसके अलावा शरीर में ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल का संतुलन बिगड़ने पर कई गंभीर बीमारियां पैदा होने लगती हैं।
मैमोग्राफी
महिलाओं में 40 की उम्र के बाद ब्रेस्ट कैंसर का खतरा भी बढ़ने लगता है। वहीं यदि शुरुआती चरण में इसका पता न चले तो ये बीमारी जानलेवा तक हो जाती है। मैमोग्राफी एक एक्स-रे जांच तकनीक है, जिसके जरिए स्तन (ब्रेस्ट) में मौजूद गांठ या असामान्य कोशिकाओं का पता चल जाता है। 40 की उम्र के बाद आपको 1-2 साल के अंतराल पर मेमोग्राफी जरूर करानी चाहिए।
बोन डेंसिटी टेस्ट
महिलाओं में विटामिन-डी और कैल्शियम की कमी 40 साल की उम्र के बाद अक्सर होने लगती है। यही कारण है कि इस उम्र के बाद उनकी हड्डियों का घनत्व (बोन डेंसिटी) भी कम होने लगता है।क्योंकि 40 के बाद महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर घटने लगता है, जिससे हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। यही वजह है कि ऑस्टियोपोरोसिस और हड्डियों से जुड़ी समस्याएं इस उम्र में ज्यादा दिखाई देती हैं। जिससे बचाव के लिए आपको बोन डेंसिटी टेस्ट जरूर कराना चाहिए। जिससे हड्डियों की मजबूती चेक की जा सके।
