हेल्थ

पेट दर्द से लेकर माइग्रेन तक में राहत दिलाता है दादी-नानी का नुस्खा, रसोई के मसालों के बीच है छुपा

समस्याओं के इलाज के लिए हमारे देश में घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल करने की सलाह हमेशा दी जाती रही है। दादी-नानी के नाम से मशहूर ये घरेलू नुस्खे आपकी कई तरह की समस्याओं में काफी कारगर भी होते हैं। आज हम आपको ऐसे ही कारगर नुस्खे में बताने जा रहे हैं, जो आपको दर्द से लेकर कई तरह की समस्याओं से बचाता है।

Image

home remedies

हींग एक ऐसी प्राकृतिक चीज है, जो खाने में स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ कई बीमारियों को ठीक करने में भी काम आती है। हींग में औषधीय गुण होते हैं जो पेट से जुड़ी समस्याओं जैसे अपच, गैस और पेट दर्द में राहत देते हैं। हींग के उपयोग से खाना जल्दी पचता है और पेट में होने वाली सूजन कम होती है। इसके अलावा, यह सर्दी-खांसी और सांस की बीमारियों में भी फायदेमंद होती है। छोटी सी हींग, दादी-नानी की ऐसी 'दवा' है जो सेहत के लिए बहुत काम आती है। हिमाचल प्रदेश कृषि विभाग की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, हींग का वानस्पतिक नाम फेरुला एसाफोईटिडा है। हींग को कई नामों से जाना जाता है, जैसे हींग, हींगर, कायम, यांग, हेंगु, इंगुवा, हिंगु, अगुडा गन्धु और रमाहा। कृषि विभाग ने माना कि इसमें अनेकों औषधीय गुण होते हैं, जिन्हें आयुर्वेद में वर्णित किया गया है।

कई हेल्थ प्रॉब्लम का पक्का इलाज

यह अपच, पेट दर्द, जी मिचलाना, दांत दर्द, जुकाम, खांसी और सर्दी के कारण होने वाले सिरदर्द में राहत देती है। इसके अलावा, हींग बिच्छू या बर्र जैसे जहरीले प्रकोपों से होने वाली जलन और नुकसान को भी कम करती है। यह गुण बहुत कम लोगों को पता होते हैं। अगर अचानक पेट दर्द हो जाए, तो थोड़ी सी हींग को पानी में घोलकर हल्का गर्म करके नाभि और उसके आसपास लगाना चाहिए। ऐसा करने से पेट दर्द में तुरंत आराम मिलता है। नाभि के आसपास गोलाई में हींग वाला पानी लगाने से पेट फूलना, भारीपन और गैस की समस्या दूर हो जाती है।

हींग का इस्तेमाल कई प्रकार के दर्द और बीमारियों में फायदेमंद होता है। दांत दर्द होने पर हींग में कपूर मिलाकर दर्द वाली जगह पर लगाने से आराम मिलता है। कान दर्द में तिल के तेल में हींग पकाकर उस तेल की बूंदें कान में डालने से दर्द कम होता है। पीलिया के इलाज में हींग को गूलर के सूखे फल के साथ खाना चाहिए और पीलिया में हींग को पानी में घिसकर आंखों पर लगाने से लाभ होता है। रोजाना दाल, कढ़ी और सब्जियों में हींग डालने से भोजन आसानी से पचता है। हींग शरीर में इंसुलिन बढ़ाकर ब्लड शुगर को कम करती है।

कैसे करें हींग का सेवन?

हींग में कौमारिन नाम का तत्व होता है जो खून को पतला करता है और जमने से बचाता है। यह बढ़े हुए ट्राइग्लिसराइड और कोलेस्ट्रॉल को कम कर उच्च रक्तचाप घटाता है। छाछ या भोजन के साथ हींग खाने से पेट की गैस, हैजा और पेट दर्द में राहत मिलती है। हींग में ऐसी ताकत होती है जो कैंसर बढ़ाने वाले सेल को रोकती है। हींग और नमक मिलाकर पानी के साथ लेने से लो ब्लड प्रेशर में फायदा होता है। प्रसव के बाद हींग लेने से गर्भाशय साफ होता है और पेट की परेशानी नहीं होती। माइग्रेन और सिरदर्द में आधा कप पानी में हींग मिलाकर पीने से आराम मिलता है। हींग से कई तरह की दिक्कतों में राहत मिलती है और यह स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी है।

इनपुट : भाषा

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article