स्वेटर-जैकेट पहनकर भी लगती है ठंड तो खाएं ये चीजें, अंदर से ही मिलेगी हीटर जैसी गर्मी
- Edited by: मेधा चावला
- Updated Dec 19, 2025, 05:45 PM IST
Winter Diet Tips: सर्दी के मौसम में ठंडा लगता है तो स्वेटर जैकेट पहनें। और अगर तब भी ठंड नहीं रुकती है तो बेहतर होगा कि आप अपनी डाइट पर फोकस करें। दरअसल कुछ पोषक तत्वों की कमी की वजह से भी लगातार ठंड लगती रहती है। ऐसे में इनकी कमी को पूरा करने वाली चीजें नेचुरल हीटर के तौर पर काम करती हैं।
बॉडी गर्म रखने के लिए क्या खाएं (Pic: iStock)
Winter Diet Tips: सर्दियों का मौसम अपने साथ कई तरह की बीमारियां भी लेकर आता है। इस मौसम में शरीर को गर्म रखना और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाना बहुत जरूरी होता है। सही और संतुलित आहार से इम्युनिटी को बूस्ट और शरीर को गर्म रखा जा सकता है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने सर्दियों के लिए कुछ सरल और प्राकृतिक आहार संबंधी सुझाव दिए हैं, जिन्हें अपनाकर आप खुद को स्वस्थ और ऊर्जावान रख सकते हैं।
अदरक से रुकेगी सर्दी
ठंड के मौसम में अदरक का सेवन विशेष रूप से फायदेमंद है। अदरक शरीर में गर्माहट पैदा करता है और इम्यूनिटी को बढ़ाने में मदद करता है। अदरक को चाय में डालकर, सब्जियों में इस्तेमाल करके या काढ़े के रूप में भी ले सकते हैं। रोजाना थोड़ी मात्रा में अदरक खाने से सर्दी-जुकाम या संक्रमण जैसी समस्याओं से बचाव होता है।

अदरक रखे शरीर को गर्म (Pic: iStock)
गुड़ का करें प्रयोग
गुड़ को भी सर्दियों का सबसे अच्छा नेचुरल एनर्जी सोर्स माना जाता है। यह शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है और ठंड से लड़ने की क्षमता बढ़ाता है। मीठे के रूप में चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल करें। गुड़ की चाय, गुड़ की रोटी या गुड़ के लड्डू खाना स्वादिष्ट होने के साथ-साथ स्वास्थ्यवर्धक भी है।
ड्राई फ्रूट्स खाएं
सूखे मेवे सर्दियों के लिए प्रकृति का खास तोहफा हैं। बादाम, काजू, अंजीर, किशमिश और अखरोट जैसे सूखे मेवे शरीर को जरूरी गर्माहट देते हैं। इनमें मौजूद हेल्दी फैट और पोषक तत्व ठंड के असर को कम करते हैं। रोजाना मुट्ठी भर सूखे मेवे खाने से शरीर मजबूत रहता है और इम्युनिटी बढ़ती है।
फायदा देगा घी
घी का सेवन भी फायदेमंद होता है। घी शरीर को आवश्यक पोषण प्रदान करता है और जोड़ों को सही रखता है, जिससे सर्दियों में होने वाली अकड़न और दर्द से राहत मिलती है। खाने में थोड़ा घी डालें या रोटी पर लगाकर खाएं। यह पाचन को भी बेहतर बनाता है। गुड़ और घी को भी मिलाकर खा सकते हैं, यह बेहद फायदेमंद होता है।

घी खाने से शरीर को ताकत और गर्माहट मिलती है
तिल और अलसी के बीज
तिल और अलसी के बीज सर्दियों में बहुत उपयोगी हैं। इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड और अन्य पोषक तत्व भरपूर होते हैं, जो शरीर को गर्म रखते हैं। तिल के लड्डू, तिल की चिक्की या अलसी को सलाद में मिलाकर खाया जा सकता है।
मोटा अनाएं खाएं
इसके अलावा, बाजरा और रागी जैसे मोटे अनाजों का सेवन सर्दियों में बेहद फायदेमंद होता है। ये अनाज शरीर को लंबे समय तक गर्माहट और एनर्जी देते हैं। बाजरे की रोटी, रागी की रोटी या खिचड़ी बनाकर खाएं। ये अनाज पौष्टिक होने के साथ-साथ पाचन के लिए भी अच्छे हैं।
एक्सपर्ट के अनुसार ये आहार न केवल शरीर को गर्म रखते हैं बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत बनाते हैं, जिससे मौसमी बीमारियों से बचाव आसान हो जाता है।
इनपुट : आईएएनएस