हेल्थ

Heatwave में घर में कौन सी दवाइयां होनी चाहिए, सेहत की सुरक्षा के लिए कैसे बनाएं फैमिली मेडिकल किट

Essential Medicines During Heatwave: गर्मी के मौसम में जितना जरूरी शरीर का बाहरी बचाव है, उतना ही जरूरी उसे अंदर से ठीक रखना भी है। आज हम आपको बताएंगे कि हीटवेव के दौरान घर में कौन सी दवाएं होनी चाहिए।

Image

हीटवेव के दौरान घर में जरूर रखें ये दवाएं

Essential Medicines During Heatwave: गर्मी का मौसम अब सिर्फ असहजता तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि कई बार यह सेहत के लिए गंभीर खतरा बन जाता है। देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच रहा है और ऐसे में हीटवेव यानी लू ने खतरा और भी ज्यादा बढ़ा दिया है। इस मौसम में पड़ने वाली तेज धूप, लगातार पसीना और शरीर में पानी की कमी कई छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकती है। ऐसे समय में घर पर कुछ जरूरी दवाइयां और प्राथमिक उपचार की चीजें मौजूद होना बेहद जरूरी है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत मिल सके (Heatwave Health Tips)। इसके लिए हमने बात की शारदा अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा सलाहकार, डॉ. श्रेय श्रीवास्तव से, डॉक्टर के मुताबिक सही समय पर प्राथमिक उपचार मिलने से हीटवेव से होने वाली कई गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। यही वजह है कि गर्मियों में सिर्फ ठंडा पानी पीना ही काफी नहीं है, बल्कि घर में कुछ जरूरी दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी सामान रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। आइए जानते हैं हीटवेव के दौरान घर में कौन सी दवाइयां होनी जरूरी हैं।

क्यों खतरनाक होती है Heatwave

डॉ. श्रेय श्रीवास्तव, की मानें तो जब शरीर लंबे समय तक अत्यधिक गर्म तापमान में रहता है, तो उसका नेचुरल कूलिंग सिस्टम प्रभावित होने लगता है। शरीर से लगातार पसीना निकलने के कारण पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी हो जाती है। इससे कमजोरी, थकान, चक्कर और गंभीर स्थिति में हीट स्ट्रोक तक हो सकता है। अगर समय रहते शरीर को पानी, इलेक्ट्रोलाइट्स और आराम न मिले तो स्थिति जानलेवा भी हो सकती है। इसलिए एक्सरपर्ट्स गर्मियों में पहले से तैयारी रखने की सलाह देते हैं।

घर में जरूर रखें ORS के पैकेट

गर्मी में सबसे बड़ी समस्या डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी और नमक की कमी होती है। इसके लिए ORS यानी ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन सबसे प्रभावी और आसान उपाय माना जाता है। डॉ. श्रेय की मानें तो पसीने के साथ शरीर से निकलने वाले इलेक्ट्रोलाइट्स की भरपाई ORS तेजी से करता है। घर में हमेशा 2-3 ORS पैकेट रखना समझदारी है। इससे आपको आगे बताए गए लाभ मिल सकते हैं।

  • शरीर में पानी की पूर्ति
  • इलेक्ट्रोलाइट्स बैलेंस बनाए रखे
  • कमजोरी से तुरंत राहत
  • चक्कर आने में मददगार
  • गर्मी में ऊर्जा बनाए रखे

ग्लूकोज पाउडर

हीटवेव के दौरान धूप में निकलने से हमारा शरीर जल्दी थकने लगता है। बाहर से आने के बाद कमजोरी महसूस हो तो पानी में ग्लूकोज मिलाकर पीना फायदेमंद हो सकता है। यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ-साथ थकान कम करने में भी मदद करता है। हालांकि डायबिटीज के मरीजों को डॉक्टर की सलाह के बिना ज्यादा मीठे पेय नहीं लेने चाहिए।

हीटवेव के दौरान जरूरी दवाएं

हीटवेव के दौरान जरूरी दवाएं

पैरासिटामोल और सामान्य दवाएं साथ रखें

गर्मी और हीटवेव के कारण वायरल बुखार, शरीर दर्द और सिरदर्द की समस्या भी आम हो जाती है। ऐसे में बुखार के लिए पैरासिटामोल जैसी सामान्य दवा घर में रखी जा सकती है। यह हल्के बुखार और दर्द में राहत देने में मदद करती है। इसके अलावा एसिडिटी, गैस, उल्टी या दस्त की समस्या के लिए डॉक्टर द्वारा सुझाई गई सामान्य दवाएं भी मेडिकल किट में शामिल करनी चाहिए। गर्मी में खराब खानपान और बाहर का खाना पेट की समस्याओं को बढ़ा सकता है। ये दवाएं आपको आगे बताई गई समस्याओं में राहत दिला सकते हैं।

  • हल्के बुखार में राहत
  • सिरदर्द कम करने में मदद
  • शरीर दर्द से आराम
  • एसिडिटी में उपयोगी दवाएं
  • उल्टी-दस्त से राहत
  • पेट की समस्या में सहायक

थर्मामीटर और बेसिक मेडिकल उपकरण साथ रखें

गर्मी के दौरान चलने वाली हीटवेव से शरीर का तापमान अचानक बढ़ सकता है। इसलिए घर में डिजिटल थर्मामीटर जरूर होना चाहिए ताकि समय-समय पर अपने शरीर के तापमान की जांच की जा सके। इसके अलावा कॉटन, बैंडेज, एंटीसेप्टिक लिक्विड और साफ तौलिया जैसी चीजें भी बेसिक मेडिकल किट का हिस्सा होनी चाहिए।

पुरानी बीमारियों के मरीज रहें ज्यादा सावधान

जिन लोगों को ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, अस्थमा या हार्ट रोग जैसी समस्याएं हैं, उन्हें गर्मी में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उनकी डेली ली जानें वाली दवाओं का अतिरिक्त स्टॉक घर में होना जरूरी है ताकि अचानक किसी भी दवा की जरूरत पड़ने पर परेशानी का सामना न करना पड़े। क्योंकि तेज गर्मी में कई बार दवाओं का असर भी शरीर पर अलग तरीके से पड़ सकता है, इसलिए इन बीमारियों के मरीजों को समय-समय पर डॉक्टर से सलाह लेते रहना जरूरी है।

Heatwave से बचाव के आसान उपाय

गर्मी में दवाओं के साथ-साथ सही लाइफस्टाइल अपनाना भी बेहद जरूरी है। कुछ आसान सावधानियां आपको और आपके परिवार को सुरक्षित रख सकती हैं।

  • दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें
  • दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें
  • नींबू पानी, नारियल पानी और छाछ का सेवन करें
  • हल्के और सूती कपड़े पहनें
  • बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा देर धूप में न रहने दें
  • बाहर जाते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकें
  • ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन कम खाएं
Heatwave से बचाव के आसान उपाय

Heatwave से बचाव के आसान उपाय

शारदा अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा सलाहकार, डॉ. श्रेय श्रीवास्तव कहते हैं कि, यदि हीटवेव के कारण किसी व्यक्ति को तेज बुखार, बेहोशी, बहुत ज्यादा चक्कर, सांस लेने में दिक्कत, उल्टी या भ्रम जैसी स्थिति हो, तो इसे सामान्य गर्मी के लक्षण समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये हीट स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं और ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर की सहायता लेना जरूरी है।

हालांकि गर्मी का मौसम हर साल आता है, लेकिन थोड़ी सी तैयारी और सावधानी बड़े खतरे को टाल सकती है। इसलिए घर में एक छोटी सी मेडिकल किट, पर्याप्त पानी पीना और सही जागरूकता ही हीटवेव के खिलाफ सबसे बड़ा बचाव है।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article