Monsoon Health Guide For Office Goers: बारिश का मौसम (Rainy Season) आते ही गर्मी से राहत मिलती है और मौसम खुशनुमा हो जाता है। लेकिन जो लोग रोज ऑफिस आने-जाने के लिए घर से बाहर निकलते हैं, उनके लिए यही मौसम कई स्वास्थ्य समस्याएं भी लेकर आता है। भीड़भाड़ वाली बस या मेट्रो, रास्ते में बारिश में भीगना, गीले जूते पहनकर घंटों रहना और मौसम का बार-बार बदलना शरीर को बीमारियों के प्रति ज्यादा संवेदनशील बना सकता है।
हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल्स के सीनियर कंसल्टेंट जनरल फिजिशियन डॉ. के. सेशी किरण बताते हैं कि मानसून के दौरान वायरल बुखार, सर्दी-खांसी, पेट का संक्रमण, डेंगू, मलेरिया और त्वचा से जुड़ी परेशानियां काफी बढ़ जाती हैं। हालांकि कुछ आसान आदतें अपनाकर इन बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
गीले कपड़े और जूते परेशानी बढ़ा सकते हैं
कई बार ऑफिस पहुंचने के बाद भी लोग घंटों तक गीले कपड़ों और जूतों में ही रहते हैं। यह आदत त्वचा पर खुजली, लाल चकत्ते और फंगल इंफेक्शन जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है। अगर बारिश में भीग जाएं तो कोशिश करें कि जल्द से जल्द कपड़े बदल लें। बैग में एक जोड़ी अतिरिक्त मोजे रखना भी काम आ सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सिकल सेल और एनीमिया में क्या फर्क है
हाथों की सफाई को हल्के में न लें
ऑफिस जाने के दौरान हम रोज न जाने कितनी चीजों को छूते हैं। बस, मेट्रो, लिफ्ट और ऑफिस की कई जगहों पर ऐसे कीटाणु हो सकते हैं जो बीमारी फैला सकते हैं। इसलिए खाने से पहले और बाहर से आने के बाद हाथ अच्छी तरह धोना जरूरी है। यह छोटी-सी आदत आपको कई तरह के संक्रमण से बचा सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सिरप बेचने पर सरकार की सख्ती, दवा बिक्री के नियमों में बड़ा बदलाव, खत्म की पुरानी छूट
बाहर का खाना और गंदा पानी बना सकता है बीमार
बारिश के मौसम में पेट खराब होने की शिकायतें बढ़ जाती हैं। इसका बड़ा कारण दूषित पानी और बासी खाना होता है। इसलिए हमेशा साफ पानी पिएं और ताजा खाना खाएं। सड़क किनारे खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से दूरी बनाना बेहतर रहेगा।
मच्छरों से बचाव करना बहुत जरूरी
मानसून के दौरान जगह-जगह पानी जमा हो जाता है, जिससे मच्छरों की संख्या बढ़ जाती है। यही मच्छर डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियां फैलाते हैं। घर और ऑफिस के आसपास पानी जमा न होने दें और जरूरत पड़ने पर मच्छर भगाने वाले उत्पादों का इस्तेमाल करें।
अच्छी नींद और सही खानपान भी है जरूरी
सिर्फ दवाइयों या सावधानियों से ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की अच्छी आदतों से भी शरीर मजबूत रहता है। पौष्टिक भोजन, पर्याप्त पानी, अच्छी नींद और थोड़ी-बहुत शारीरिक गतिविधि शरीर को मौसम से लड़ने की ताकत देती है। इससे बीमार पड़ने का खतरा कम हो सकता है।
कुछ लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत
डॉ. के. सेशी किरण के अनुसार, जिन लोगों को डायबिटीज, अस्थमा, एलर्जी या पहले से कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, उन्हें बारिश के मौसम में ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे लोगों में संक्रमण जल्दी हो सकता है और बीमारी लंबे समय तक परेशान कर सकती है।
बारिश के मौसम में ऑफिस आना-जाना टालना संभव नहीं है, लेकिन थोड़ी समझदारी जरूर अपनाई जा सकती है। साफ-सफाई का ध्यान रखना, गीले कपड़ों से बचना, ताजा खाना खाना और मच्छरों से सुरक्षा करना जैसी छोटी-छोटी बातें आपको पूरे मानसून स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं।
