COVID 19 India Update: देश में एक बार फिर कोविड-19 को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मगर इसकी वजह सिर्फ कोरोनावायरस के बढ़ते मामले ही नहीं, बल्कि मशहूर गायक कुमार शानू के बेटे और सिंगर जान कुमार शानू (jaan kumar sanu) का कोविड-19 संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती होना भी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश में अब तक कोविड संक्रमण के 8 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 2 लोगों की मौत की भी जानकारी सामने आई है।
ऐसे में लोगों के मन में फिर वही सवाल उठने लगे हैं कि क्या कोरोना दोबारा लौट रहा है और क्या पहले जैसी चिंता करने की जरूरत है? डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल घबराने की नहीं, बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है। ज्यादातर लोगों में संक्रमण हल्का है, लेकिन कुछ लोगों के लिए यह अब भी गंभीर हो सकता है। इसलिए सही जानकारी और समय पर सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।
कुमार शानू के बेटे हुए कोरोना संक्रमित
हाल ही में कुमार शानू के बेटे और सिंगर जान कुमार शानू के कोविड-19 पॉजिटिव होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद से ही देश में फिर से कोरोनोवायरस को लेकर लोगों की चिंताएं फिर बढ़ने लगती हैं। वहीं, इस घटना ने आम लोगों के मन में भी चिंता बढ़ा दी कि आखिर कोविड का खतरा कितना बढ़ चुका है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कुछ लोग नमक कम खाते हैं, फिर भी उनका BP क्यों रहता है हाई, न्यूट्रिशनिस्ट ने बताई असली वजह
क्या इस बार कोरोना पहले जितना खतरनाक है
फरीदाबाद स्थित अमृता अस्पताल के सीनियर पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. प्रदीप बजाद के मुताबिक, अभी सामने आ रहे ज्यादातर कोविड वैरिएंट पहले की तुलना में कम गंभीर हैं। स्वस्थ लोगों में संक्रमण आमतौर पर हल्का रहता है और आराम, पर्याप्त पानी पीने तथा डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेने से कुछ दिनों में ठीक हो जाता है।
डॉक्टर बताते हैं कि पिछले कुछ वर्षों में वैक्सीन और पहले हुए संक्रमण की वजह से लोगों में वायरस के खिलाफ काफी हद तक सुरक्षा विकसित हो चुकी है। यही कारण है कि अब गंभीर बीमारी और अस्पताल में भर्ती होने के मामले पहले की तुलना में कम देखे जा रहे हैं। हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि कोविड को हल्के में लिया जाए।

कोरोनावायरस के लक्षण
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शरीर पर बढ़ता फैट सिर्फ लुक्स नहीं बिगाड़ता, 19 तरह के कैंसर का खतरा भी बढ़ा सकता है, जानिए कैसे
इस बार कोविड के लक्षण क्या हो सकते हैं?
डॉक्टर का कहना है कि कोविड वायरस के लक्षण में फिलहाल कोई खास बदलाव नहीं नोटिस किया गया है। वायरस के लक्षण अभी भी पहले जैसे ही हैं जैसे -
- बुखार आना
- गले में खराश या दर्द
- लगातार खांसी
- शरीर में दर्द
- ज्यादा थकान महसूस होना
- नाक बहना या बंद होना
ये लक्षण सामान्य वायरल या फ्लू जैसे भी हो सकते हैं। अगर लक्षण लगातार बने रहें या बढ़ने लगें, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बरसात में बच्चों का रेनकोट और स्कूल बैग भी बन सकते हैं बैक्टीरिया का घर, ऐसे बना सकते हैं बीमार
किन लोगों को सबसे ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है
डॉक्टर का मानना है कि हर व्यक्ति में कोविड का असर एक जैसा नहीं होता है। कुछ लोगों में बीमारी के कारण स्थिति गंभीर भी हो सकती है। ऐसे में कुछ लोगों को खासतौर पर सावधानी बरतने की जरूरत है जैसे -
- 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग
- अस्थमा या फेफड़ों की पुरानी बीमारी वाले लोग
- डायबिटीज के मरीज
- दिल या किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोग
- कैंसर का इलाज करा रहे मरीज
- जिनकी रोगों से लड़ने की क्षमता कमजोर है
अगर इन लोगों में कोविड जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो ऐसे में इलाज में बिल्कुल भी देरी नहीं करनी चाहिए।

कोविड-19 के चलते ये लोग रहें सावधान
क्या मास्क दोबारा पहनना जरूरी है
डॉक्टर प्रदीप कहते हैं कि फिलहाल हर किसी के लिए हर समय मास्क पहनना जरूरी नहीं बताया गया है। लेकिन अगर आपको सर्दी, खांसी या बुखार है, या आप भीड़भाड़ वाली जगह पर जा रहे हैं, तो मास्क पहनना अच्छा कदम हो सकता है। इससे संक्रमण फैलने का खतरा कम होता है और आसपास के लोग भी सुरक्षित रहते हैं।
कोविड से बचने के लिए क्या करें
डॉ. प्रदीप बजाद कहते हैं कि कोविड 19 से बचाव और सुरक्षा के लिए पहले की तरह ही कुछ एहतियात बरतना जरूरी है। ऐसे में आप इन सावधानियों को जरूर अपनाएं -
- हाथों को समय-समय पर साबुन से धोएं।
- खांसी या छींक आने पर मुंह और नाक ढकें।
- तबीयत खराब हो तो घर पर आराम करें।
- बुजुर्गों और बीमार लोगों के बहुत करीब जाने से बचें।
- भीड़भाड़ वाली जगह पर जरूरत महसूस हो तो मास्क पहनें।
- डॉक्टर की सलाह के बिना कोई दवा या एंटीबायोटिक न लें।

कोरोनावायरस से बचाव के लिए टिप्स
कब तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए
डॉक्टर का कहना है कि अगर कोविड के साथ सांस लेने में परेशानी होने लगे, सीने में दर्द महसूस हो, बहुत ज्यादा कमजोरी आए, बार-बार चक्कर आए या ऑक्सीजन का स्तर 94% से नीचे चला जाए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। ऐसे मामलों में देरी करना ठीक नहीं होता।
एक्सपर्ट की क्या है सलाह
डॉ. प्रदीप बजाद का कहना है कि कोविड अब पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन इसे देखकर डरने की भी जरूरत नहीं है। इसे दूसरे वायरल संक्रमणों की तरह समझते हुए जागरूक रहना ज्यादा जरूरी है। अगर लक्षण दिखें तो उन्हें नजरअंदाज न करें, जरूरत पड़ने पर जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह लें। सही समय पर सावधानी बरतने से ज्यादातर लोग बिना किसी बड़ी परेशानी के ठीक हो जाते हैं। इसलिए अफवाहों से दूर रहें, घबराएं नहीं और अपनी सेहत का ध्यान रखें।
