देश

2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द की BJP विधायक ओम कुमार की विधायिकी

ओम कुमार ने 2022 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के उम्मीदवार मुंशी राम को महज 258 वोटों के अंतर से हराया था। इस चुनाव के नतीजे 10 मार्च 2022 को घोषित हुए थे। मुंशी राम ने उनके निर्वाचन को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।

Image

योगी आदित्यनाथ और ओम कुमार (फोटो- फेसबुक/@OmKumar.MLA21 )

भारतीय जनता पार्टी के नहटौर से विधायक ओम कुमार को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने बिजनौर जिले की नहटौर (अनुसूचित जाति आरक्षित) विधानसभा सीट से उनके निर्वाचन को रद्द कर दिया है। गुरुवार को न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की पीठ ने यह फैसला सुनाया। अदालत ने कहा कि ओम कुमार के नामांकन के साथ दाखिल अनिवार्य हलफनामे में गंभीर खामी थी।

महज 258 वोटों के अंतर से मिली थी जीत

ओम कुमार ने 2022 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के उम्मीदवार मुंशी राम को महज 258 वोटों के अंतर से हराया था। इस चुनाव के नतीजे 10 मार्च 2022 को घोषित हुए थे। मुंशी राम ने उनके निर्वाचन को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।

फॉर्म-26 के हलफनामे में क्या मिली गड़बड़ी?

मुंशी राम ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि ओम कुमार ने चुनाव के दौरान दाखिल किए गए फॉर्म-26 के हलफनामे में वित्तीय और आपराधिक मामलों से जुड़ी जरूरी जानकारियां छिपाई थीं। उन्होंने दावा किया कि ओम कुमार ने केवल वित्त वर्ष 2021-22 की आय का ब्योरा दिया, जबकि इससे पहले के चार वित्त वर्षों 2017-18 से 2020-21 तक के कॉलम खाली छोड़ दिए थे।

इसके अलावा पैन कार्ड, आयकर रिटर्न दाखिल करने के अंतिम वर्ष और पत्नी व आश्रितों की पांच साल की आय से संबंधित जानकारियों वाले हिस्सों में 'निल' या 'लागू नहीं' लिखने के बजाय क्रॉस का निशान लगाया गया था। याचिका में आपराधिक मामलों और पिछली सजाओं से संबंधित अनिवार्य जानकारियां भी अधूरी छोड़ने का आरोप लगाया गया था।

इस मामले में हाईकोर्ट ने पाया कि ओम कुमार का फॉर्म-26 हलफनामा कई महत्वपूर्ण खामियों वाला था। अदालत के मुताबिक, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 36(2) और 36(4) के तहत इस आधार पर उनका नामांकन पत्र खारिज किया जाना चाहिए था। निर्वाचन अधिकारी ने नामांकन स्वीकार करके गलती की और इसका चुनाव परिणाम पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा।

हालांकि अदालत ने अपने आदेश के कुछ हिस्सों पर 15 दिनों की रोक लगाते हुए ओम कुमार को इस अवधि में सुप्रीम कोर्ट का रुख कहने की राहत दी है। अगर सुप्रीम कोर्ट से उन्हें राहत मिलती है तो ठीक अन्यथा उनके विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव का रास्ता खुल सकता है।

मुंशी राम को विधायक घोषित करने की मांग खारिज

अदालत ने मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों को भी स्वीकार नहीं किया। मुंशी राम ने चार मतदान केंद्रों के वीवीपैट पर्चियों की गिनती में अनियमितता का दावा किया था, लेकिन हाईकोर्ट ने कहा कि इन आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त और विश्वसनीय साक्ष्य नहीं दिए गए। इसके साथ ही अदालत ने मुंशी राम को विजेता घोषित करने की मांग भी ठुकरा दी। पीठ ने स्पष्ट किया कि ओम कुमार का निर्वाचन रद्द होने का मतलब यह नहीं है कि याचिकाकर्ता स्वतः निर्वाचित घोषित हो जाएगा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article