Cough From Long Time What Could Be The Reason In Hindi: आपने भी कभी न कभी खांसी को मामूली समझकर नजरअंदाज किया होगा, लेकिन सोचिए, अगर वही खांसी दवा लेने के बाद भी ठीक न हो और हफ्तों तक बनी रहे तो? ऐसी खांसी सिर्फ गले की खराश नहीं, बल्कि किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकती है। बहुत से लोग सर्दी-खांसी को आम बात समझकर घरेलू नुस्खों या सिरप से काम चलाते हैं, लेकिन जब ये खांसी लंबा समय ले ले, तो सतर्क होना जरूरी हो जाता है। चलिए जानते हैं कि लगातार बनी रहने वाली खांसी किन बीमारियों की ओर इशारा कर सकती है।
पेट से जुड़ी समस्या
अगर खांसी खासतौर पर खाने के बाद या लेटते वक्त ज्यादा होती है, तो यह एसिड रिफ्लक्स यानी GERD का लक्षण हो सकता है। इसमें पेट का एसिड गले तक आ जाता है, जिससे खांसी शुरू हो जाती है।
पोस्टनेजल ड्रिप की वजह से
नाक या साइनस से निकलने वाला म्यूकस जब गले के पिछले हिस्से में जमा होता है, तो लगातार गला साफ करने की इच्छा होती है और खांसी आती रहती है। इसे पोस्टनेजल ड्रिप कहते हैं।
खांसी वाला अस्थमा
कुछ लोगों को अस्थमा तो नहीं होता, लेकिन खांसी उनका मुख्य लक्षण बन जाती है। ये खांसी खासकर रात में या ठंडी हवा में बढ़ जाती है।
कुछ दवाइयों का साइड इफेक्ट
उच्च रक्तचाप की दवाइयों, खासकर ACE इनहिबिटर, से भी खांसी हो सकती है। अगर आपने नई दवा शुरू की है और खांसी शुरू हो गई है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
क्रॉनिक बीमारियां जैसे टीबी या फेफड़ों की समस्या
अगर खांसी के साथ वजन कम हो रहा है, बुखार रहता है या बलगम में खून आ रहा है, तो ये टीबी या फेफड़ों की किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है।
स्मोकिंग की वजह से
धूम्रपान करने वालों में भी खांसी लंबे समय तक बनी रह सकती है। यह फेफड़ों की क्रॉनिक बीमारी का लक्षण हो सकता है जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
अगर खांसी तीन हफ्तों से ज्यादा समय तक बनी रहे, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। सिर्फ सिरप या काढ़ा पीने से राहत न मिले तो मेडिकल जांच बेहद जरूरी है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
