हेल्थ

कमर की परेशानी दूर करने के लिए कहीं गलत तरीके से तो नहीं कर रहे भुजंगासन, देखें Cobra Pose करने का सही तरीका

Bhujangasan karne ke Fayde (भुजंगासन कैसे करें): कमर की परेशानी दूर करने का रामबाण तरीका माना जाता है भुजंगासन करना। लेकिन सही तरीका ना फॉलो करने से परेशानी बढ़ भी सकती है। यहां जानें भुजंगासन (Cobra Pose) करने के क्या फायदे होते हैं और भुजंगासन करने का सही तरीका क्या है।

Image

भुजंगासन के फायदे और इसे करने का सही तरीका क्या है

Bhujangasan karne ke Fayde (भुजंगासन कैसे करें): जब बात शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने की हो, तो योग और आयुर्वेद का नाम सबसे पहले आता है। नए जमाने की जीवनशैली में जब सिटिंग जॉब्स बहुत बढ़ गई हैं, ऐसे में योग से शरीर को लचीला रखा जा सकता है। इन्हीं योगासनों में एक है- भुजंगासन, जिसे अंग्रेज़ी में कोबरा पोज कहा जाता है। इस आसन में धड़ का पोज फन फैलाए हुए सांप की तरह होता है, और यही इसकी खास पहचान है। भुजंगासन कोई साधारण योगासन नहीं है, यह पैरों की उंगलियों से लेकर सिर तक शरीर के हर हिस्से पर असर डालता है।

भुजंगासन करने के फायदे

योग विशेषज्ञों के अनुसार, भुजंगासन पीठ की मांसपेशियों को मजबूत और स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। इस आसन के नियमित अभ्यास से रीढ़ की हड्डी मजबूत होती है और शरीर में लचीलापन बढ़ता है। भुजंगासन किडनी की पथरी की समस्या के इलाज में फायदेमंद माना जाता है। इसका नियमित रूप से अभ्यास करने से किडनी पर जोर पड़ता है, जिससे किडनी में मौजूद विषाक्त पदार्थ निकलने लगते हैं और इसकी कार्यक्षमता में सुधार होता है। यह छाती, कंधों और पेट की मांसपेशियों को फैलाता है, जिससे शरीर में खिंचाव आता है और ताकत बढ़ती है। इसे करने से श्वसन तंत्र मजबूत होता है। इसके अलावा यह मानसिक तनाव और थकान को दूर करने में भी सहायक होता है। नियमित अभ्यास से मन शांत रहता है और शरीर में फुर्ती बनी रहती है।

भुजंगासन साइटिका की समस्या को कम करता है और अस्थमा के लक्षणों को भी घटाता है। यह प्रजनन प्रणाली को मजबूत करता है और महिलाओं में अनियमित मासिक धर्म की समस्या को ठीक करने में मदद करता है। भुजंगासन करने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है, जिससे चेहरे पर चमक आती है और त्वचा निखरती है। यह आसन आसान है और रोजाना करने से शरीर में ऊर्जा और ताजगी बनी रहती है।

Bhujangasan Ke Niyam

Bhujangasan Ke Niyam

भुजंगासन करने का सही तरीका क्या है

  • भुजंगासन करने के लिए सबसे पहले पेट के बल सीधा लेट जाएं और पैरों के बीच थोड़ी दूरी रखें। अब अपने दोनों हाथों को धीरे-धीरे छाती के पास लाएं और हथेलियों को जमीन पर टिका दें।
  • इसके बाद गहरी सांस लेते हुए अपनी नाभि के हिस्से को ऊपर उठाएं और सिर को पीछे की ओर ले जाते हुए ऊपर छत या आसमान की तरफ देखें। इस स्थिति में आपकी पीठ धीरे-धीरे ऊपर की (एक्सटेंशन पोजीशन में) ओर मुड़ेगी।
  • इस मुद्रा में कुछ देर तक बने रहें और सामान्य रूप से सांस लेते रहें। यह स्थिति रीढ़ की हड्डी और पेट की मांसपेशियों के लिए लाभकारी होती है। फिर धीरे-धीरे वापस पहले वाली स्थिति में आ जाएं और कुछ समय के लिए शरीर को ढीला छोड़ दें।

इस प्रक्रिया को तीन से चार बार दोहराएं। ये आसन करने से शरीर में लचीलापन बढ़ता है और तनाव कम होता है।

Input: आईएएनएस

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article