हेल्थ

डायबिटीज के मरीजों के लिए वरदान, आयुर्वेद के अनुसार ये 3 सब्जियां दवा जैसी फायदेमंद, खाते ही शुगर करती हैं बैलेंस

Best Vegetables For Diabetics: आयुर्वेद के मुताबिक कुछ सब्जियां डायबिटीज मरीजों के लिए औषधि जैसी सब्जियां मानी गई हैं। ये शरीर में शुगर लेवल को संतुलित रखने, फैट कम करने, पाचन को सुधारने और मेटाबॉलिज्म को मजबूत करने में मदद करती हैं। आयुर्वेदिक डॉक्टर नील सवालिया बताते हैं कि इन सब्जियों को डेली डाइट में शामिल करने से शुगर कंट्रोल में प्राकृतिक रूप से फायदा मिलता है।

Image

सब्जियां जो हैं दवा जैसी फायदेमंद

Best Vegetables For Diabetics: डायबिटीज ऐसी समस्या है जो रोजमर्रा की जिंदगी को काफी हद तक प्रभावित कर देती है। शुगर लेवल को बैलेंस में रखना हर मरीज की पहली जरूरत होती है, लेकिन इसके लिए दवाइयों के साथ-साथ रोजाना की डाइट भी बड़ी भूमिका निभाती है। आयुर्वेद में कई ऐसी सब्जियों का जिक्र मिलता है जो शरीर के भीतर प्राकृतिक रूप से शुगर और फैट को कंट्रोल करती हैं। हेल्थ इन्फ्लुएंसर और आयुर्वेदिक डॉक्टर नील सवालिया बताते हैं कि करेला, परवल और लौकी जैसी साधारण दिखने वाली सब्जियां वास्तव में डायबिटीज मरीजों के लिए किसी दवा से कम नहीं हैं। ये सब्जियां पाचन, मेटाबॉलिज्म और ब्लड शुगर को संतुलित रखने में मदद करती हैं। रोज की डाइट में इनका इस्तेमाल करने से शरीर हल्का और एनर्जेटिक महसूस करता है और शुगर लेवल भी स्थिर रहता है।

1. करेला (Bitter Gourd)

करेला उन सब्जियों में से एक है जिसे आयुर्वेद में प्राकृतिक रक्त शोधक और फैट कम करने वाली सब्जी बताया गया है। डायबिटीज के मरीजों के लिए यह सब्जी किसी वरदान से कम नहीं, क्योंकि यह शरीर के अंदर जमा अतिरिक्त शुगर को बैलेंस करने में मदद करती है। आधुनिक रिसर्च भी इस बात की पुष्टि करता है कि करेले में चारंटिन और पोलिपेप्टाइड-P जैसे प्राकृतिक तत्व होते हैं जो इंसुलिन की तरह काम करते हैं और ब्लड शुगर को कम करने में मददगार हैं। चाहे करेले की सब्जी हो, जूस हो या हल्की भुजिया, इसे थोड़ी मात्रा में डाइट में शामिल करने से शुगर लेवल नैचुरली कंट्रोल में रहता है और मेटाबॉलिज्म भी बेहतर होता है।

2. परवल (Pointed Gourd)

परवल एक हल्की और आसानी से पचने वाली सब्जी है जिसे आयुर्वेद में लघु, रुक्ष और कफ-पित्त कम करने वाला कहा गया है। अक्सर डायबिटीज में कफ और पित्त का असंतुलन बढ़ जाता है, ऐसे में परवल शरीर के भीतर इन दोनों दोषों को शांत कर शरीर को ठंडक और आराम देता है। परवल के बारे में आधुनिक शोध बताता है कि यह कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाली सब्जी है जो भोजन के बाद अचानक शुगर स्पाइक होने से रोकती है। रोजाना की डाइट में इसे सूखी सब्जी या हल्की सब्जी के रूप में लेने से ग्लूकोज लेवल स्थिर रहता है और पाचन भी मजबूत होता है।

3. लौकी (Bottle Gourd)

लौकी को आयुर्वेद में बेहद हल्की, ठंडी और फैट घटाने वाली सब्जी माना गया है। डायबिटीज मरीजों के लिए यह सब्जी इसलिए फायदेमंद है क्योंकि यह कफ और पित्त दोनों को संतुलित करती है, जो बढ़ी हुई शुगर का मुख्य कारण माने जाते हैं। आधुनिक विज्ञान भी मानता है कि लौकी कम कैलोरी और फाइबर से भरपूर होती है, जिससे शरीर में शुगर धीरे-धीरे अवशोषित होती है और ब्लड ग्लूकोज अचानक नहीं बढ़ता। सुबह ताज़ा लौकी का जूस या दिन में लौकी की हल्की सब्जी या सूप ब्लड शुगर को नियंत्रण में रखने और पाचन को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है।

क्यों आयुर्वेद इन सब्जियों को दवा जैसा मानता है

आयुर्वेद में डायबिटीज (मधुमेह) को कफ और पित्त के बढ़ने से जुड़ी समस्या माना गया है। करेला, परवल और लौकी जैसी सब्जियां इन दोनों दोषों को प्राकृतिक रूप से संतुलित करती हैं। ये शरीर में जमा टॉक्सिन्स को बाहर निकालती हैं, पाचन अग्नि को मजबूत करती हैं और मेटाबॉलिज्म को एक्टिव रखती हैं। इसकी वजह से शुगर लेवल तेजी से नहीं बढ़ता और शरीर लंबे समय तक एनर्जेटिक रहता है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि ये सब्जियां रोजमर्रा की डाइट में आसानी से शामिल की जा सकती हैं और इनका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होता।

डायबिटीज डाइट में इन्हें कैसे शामिल करें

डॉक्टर नील सवालिया बताते हैं कि इन तीनों सब्जियों को सप्ताह में 3-4 बार डाइट में शामिल करना काफी फायदेमंद है। करेला जूस, हल्की फ्राई, परवल की सूखी सब्जी या लौकी का सूप जैसे रूप में इनका सेवन आसान भी है और असरदार भी। सुबह खाली पेट लौकी जूस, दोपहर में परवल की सब्जी या रात के खाने में करेले की भुजिया शरीर में शुगर लेवल को प्राकृतिक रूप से नियंत्रित रखती है। नियमित सेवन से पाचन सुधरता है, वजन नियंत्रित रहता है और शुगर स्पाइक्स कम होते हैं।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article