हेल्थ

स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी वरदान है हरा धनिया, जान लें इसके फायदे

  • Edited by: Ritu raj
  • Updated Jul 7, 2025, 02:54 PM IST

धनिया कई पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों में इस्तेमाल किया जाता है। आधुनिक समय में भी इसकी महत्ता कम नहीं हुई है। अमेरिका की एफडीए और यूरोप की खाद्य सुरक्षा एजेंसियों ने धनिया को सुरक्षित और उपयोगी चीजों के रूप में स्वीकार किया है। लेकिन क्या आपको मालूम है कि इसके कई फायदे भी हैं।

Image

धनिया के फायदे

रसोई में यूं तो कई तरह की हरी सब्जियां मौजूद होती हैं, लेकिन इनमें से सबसे खास होती है 'धनिया'। चाहे दाल हो या सब्ज़ी, रायता हो या चटनी, धनिया की पत्तियां हर खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ा देती हैं। ये पत्तियां सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ातीं, बल्कि हमारे शरीर के लिए बहुत फायदेमंद भी होती हैं। यह एक ऐसी चीज है जो दिखने में भले ही मामूली लगे, लेकिन इसके अंदर छिपे पोषक तत्व हमारी सेहत को मजबूत बनाने में मददगार होते हैं। आयुर्वेद में भी धनिया को औषध‍ि के रूप में माना गया है।

धनिया कई पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों में इस्तेमाल किया जाता है। आधुनिक समय में भी इसकी महत्ता कम नहीं हुई है। अमेरिका की एफडीए और यूरोप की खाद्य सुरक्षा एजेंसियों ने धनिया को सुरक्षित और उपयोगी चीजों के रूप में स्वीकार किया है। अमेरिका की नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक, धनिये की पत्तियों में जरूरी विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं। इनमें विटामिन ए, सी, और के होता है, जो आंखों, त्वचा और हड्डियों के लिए बहुत जरूरी होता है। इसके अलावा, इसमें फोलेट, कैल्शियम, पोटेशियम, आयरन और मैग्नीशियम जैसे तत्व भी पाए जाते हैं। इन तत्वों से शरीर को न केवल ऊर्जा मिलती है, बल्कि ये बीमारियों से बचाने में भी मदद करते हैं।

धनिया की पत्तियां खाने से पाचन तंत्र मजबूत होता है। सुबह खाली पेट इन पत्तियों को चबाने से या इनका पानी पीने से गैस, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है। इसमें मौजूद फाइबर खाना पचाने में मदद करता है और आंतों की सफाई करता है।

धनिया में विटामिन सी शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाता है। जब शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी रहती है, तो सर्दी-जुकाम, खांसी, फ्लू जैसी मौसमी बीमारियां जल्दी नहीं होतीं। रिसर्च में पाया गया है कि धनिया की पत्तियों में कुछ ऐसे तत्व होते हैं जो ब्लड शुगर को संतुलित रखते हैं। यह डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद हो सकता है।

धनिया में मौजूद पोटेशियम ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करता है। यह कोलेस्ट्रॉल को भी संतुलित करता है। वहीं एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन ए त्वचा को चमकदार बनाते हैं, चेहरे के मुंहासे और दाग-धब्बों को कम करने में मदद करते हैं, और साथ ही बालों को झड़ने से रोकते हैं।

यह शरीर को डिटॉक्स भी करता है। धनिया का पानी शरीर में से जहरीले तत्वों को बाहर निकालने में मदद करता है। इससे लीवर और किडनी सही से काम करते हैं और शरीर हल्का व साफ महसूस होता है। इसमें मौजूद कैल्शियम और मैग्नीशियम हड्डियों की मजबूती के लिए फायदेमंद होते हैं। नियमित रूप से धनिया की पत्तियां खाने से हड्डियों से जुड़ी समस्याएं जैसे कमजोरी या जोड़ दर्द कम हो सकती हैं।

धनिया में मौजूद फोलेट गर्भवती महिलाओं और उनके होने वाले बच्चे के विकास के लिए जरूरी होता है। यह गर्भावस्था के समय पोषण देने का एक अच्छा स्रोत बन सकता है। धनिया की पत्तियों में ताजगी देने वाली खुशबू होती है। इन्हें चबाने से मुंह की दुर्गंध दूर होती है।

Ritu raj
Ritu rajauthor

<p>ऋतु राज टाइम्स नाऊ नवभारत डिजिटल में लाइफस्टाइल डेस्क में बतौर चीफ कॉफी एडिटर कार्यरत हैं। उनकी हेल्थ और लाइफस्टाइल की खबरों पर अच्छी पकड़ है। यहां वो एक्सप्लेनर और लाइफस्टाइल की ट्रेंडिंग खबरों को लोगों के लिए परोसने का काम करते हैं। उनकी फूड, पैरेंटिंग, ब्यूटी पर अच्छी पकड़ है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की। वो बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से ताल्लुक रखते हैं। ऋतु राज ने पिछले 6 सालों में एनडीटीवी, जनसत्ता जैसे बड़े संस्थानों में अलग अलग बीट्स पर काम किया है। हालांकि उनकी खास रूची न्यूज, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में रही है। ऋतु राज एक वॉयस ओवर आर्टिस्ट भी रहे हैं। उन्होंने एनडीटीवी में वॉयस ओवर आर्टिस्ट के तौर पर भी काम किया है। यहां उन्होंने लोकसभा चुनाव 2019 को भी कवर किया और खबरों को धार देना सीखा। साल 2021 में एनडीटीवी से इस्तीफा देने के बाद ऋतुराज ने जनसत्ता के साथ जुड़े और यहां वेब स्टोरीज पर अपनी रफ्तार बनाई और अलग अलग एंगल से खबरों को बनाना सीखा।</p>

और पढ़ें
End of Article