Remedies For Piles: बवासीर से हैं परेशान तो अपनाएं ये घरेलू उपाय, मिलेगी राहत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 30, 2022, 11:51 PM IST

Remedies for piles: बवासीर जैसी गंभीर बीमारी किसी को भी हो सकती है। आमतौर पर ये बीमारी कब्ज की वजह से हो सकती है, हालांकि कारण कुछ और भी हो सकते हैं। बवासीर को पाइल्स भी कहा जाता है। इस बीमारी में मल त्यागने में बेहद दर्द होता है।

Remedies For Piles: बवासीर से हैं परेशान तो अपनाएं ये घरेलू उपाय, मिलेगी राहत

Remedies for Piles : बवासीर को मेडिकल की भाषा में हैमोराहोइड कहते हैं। बवासीर या पाइल्स दो तरह की होती है। एक आंतरिक बवासीर और दूसरी बाहरी बवासीर। आंतरिक बवासीर में मल के साथ-साथ खून भी आता है। वहीं, बाहरी बवासीर में गुदा के आसपास सूजन आ जाती है और मस्से निकल जाते हैं। इन मस्सों में दर्द और खुजली भी होती है। आमतौर पर यह बीमारी कब्ज की वजह से होती है। कई बार ये बीमारी खुद ही ठीक हो जाती है, लेकिन कई बार सर्जरी तक कराने की जरूरत पड़ जाती है। अगर समय रहते ध्यान दिया जाए तो कुछ घरेलू उपाय करके भी पाइल्स की समस्या से राहत पाई जा सकती है।

पाइल्स की समस्या में राहत पाने के कुछ घरेलू उपाय

पानी और फाइबर का खूब करें सेवन

पाइल्स होने का एक बड़ा कारण कब्ज होता है। कब्ज की इसी समस्या से बचने के लिए अपने आहार में ज्यादा से ज्यादा फाइबर और पानी का इस्तेमाल करें, ताकि मल त्यागने में ज्यादा परेशानी न हो। इसके लिए आप अपने खाने में केला, हरी सब्जियां और ताजे फल शामिल कर सकते हैं।

टॉयलेट में सॉफ्ट वाइप्स रहेंगे बेहतर

पाइल्स में गुदा के आसपास मस्से हो जाते हैं। इन मस्सों में दर्द और कई बार खून भी चलने लगता है। ऐसे में टॉयलेट पेपर का इस्तेमाल दर्दनाक हो सकता है। इस दर्दनाक स्थिति से राहत पाने के लिए आप सॉफ्ट वाइप्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। पर ध्यान रहे ये वाइप्स बिना खुशबू वाले होने चाहिए।

कोल्ड वॉटर थैरेपी से मिलेगी राहत

बवासीर की स्थिति में गुदा के पास होने वाली सूजन और दर्द से राहत पाने के लिए कोल्ड वॉटर थैरेपी का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह कोल्ड वॉटर थैरेपी सूजन और दर्द को कम करता है। इसके लिए एक बाल्टी में ठंडा पानी भरकर इसमें 20 मिनट तक बैठे। इससे जलन होने की समस्या से भी काफी राहत मिलेगी

योग बनाएगा निरोग

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जितना जरूरी हेल्दी खाना होता है, उतना ही जरूरी होता है योग। आप ये जानते हैं कि बवासीर कब्ज की वजह से होती है और कब्ज खराब खान-पान से। ऐसे में दोनों ही स्थिति से बचने के लिए नियमित रूप से योग, रनिंग का व्यायाम करना चाहिए।

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

End of Article