Toothache: दांत में दर्द एक ऐसी समस्या है, जो असहनीय होती है। दरअसल, दांतों में कैविटी हो जाने या कीड़े लग जाने के बाद दांतों में दर्द होने की समस्या हो जाती है। ये समस्या उन लोगों को ज्यादा परेशान करती है, जिनको रोज इस समस्या को सामना करना पड़ता है। शरीर के अन्य अंगों की साफ-सफाई के जैसे ही दांत की सफाई भी बहुत जरूरी होती है। इसलिए डॉक्टर्स रोजाना सुबह खाना खाने से पहले और शाम को खाना खाने के बाद ब्रश करने की सलाह देते हैं। हालांकि, अगर इतना सब करने के बाद भी आपके दांत में दर्द होने की समस्या है, तो आप कुछ घरेलू नुस्खों को आजमाकर इस समस्या से निजात पा सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इन घरेलू उपायों के बारे में-
दांत दर्द से छुटकारा पाने के लिए इन घरेलू उपायों की लें मदद
अमरुद का पत्ता
यदि आपके दांत में दर्द है, तो उसके लिए आप अमरूद के पत्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं। अमरूद के पत्तों को चबाने से दांत का दर्द दूर हो जाता है। इसके अलावा आप अमरूद के पत्तों को पानी में उबालकर उस पानी से कुल्ला भी कर सकते हैं। इससे दांत भी साफ होंगे और मसूड़ों का दर्द भी दूर होता है।
नींबू का इस्तेमाल
दांतों के दर्द को दूर करने के लिए नींबू के रस का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। दरअसल, नींबू में विटामिन सी होता है, जो दर्द के साथ-साथ मसूड़ों के सूजन को भी दूर करता है। इसके लिए आप नींबू के टुकड़ों को काटकर उस पर नमक लगाएं और फिर इन टुकड़ों को आग में रख दें। इसके बाद इन टुकड़ों को चबा लें और फिर हल्के गुनगुने पानी से कुल्ला कर लें। इससे आपको दांत के दर्द से राहत मिलेगी।
तुलसी का रस
तुलसी को आयुर्वेद में एक औषधी के तौर पर जाना जाता है। दरअसल, तुलसी में एंटी बैक्टीरियल होते हैं, जो किसी भी तरह के बैक्टीरिया को दूर करने में कारगर होते हैं। ऐसे में यदि आपके दांतों में कीड़े लगे हैं, तो आप इसके लिए तुलसी के रस के साथ कपूर को मिलाकर दांतों पर लगाएं। इससे आपके दांत का दर्द बहुत जल्दी दूर हो जाएगा।
( डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

