बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। वो अक्सर अपनी फिल्मों को लेकर लाइमलाइट में रहते हैं। लेकिन इन दिनों अनुपम अपनी फिल्म नहीं बल्कि फिटनेस को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट की है जिससे वो फिटनेस गोल्स सेट करते दिख रहे हैं। 68 साल की उम्र में अपनी फिटनेस से अनुपम कई एक्टर्स को कड़ी टक्कर देते दिख रहे हैं। बता दें कि अनुपम कंधे की चोट के कारण पांच महीने के रिकवरी ब्रेक के बाद वापस जिम में लौट आए हैं और आते ही उन्होंने अपना टोन्ड बैक फ्लॉन्ट किया है।
उन्होंने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा “#Vijay69 की शूटिंग के दौरान मेरे दाहिने कंधे में फ्रैक्चर के कारण मुझे लगभग पांच महीने तक वर्कआउट करना बंद करना पड़ा। अब मैंने फिर से शुरुआत की है और जिम्मेदारी महसूस करने और बेहतर शरीर की दिशा में काम करना जारी रखने के लिए इस वीडियो को सार्वजनिक डोमेन में डालने का फैसला किया है! मुझे शुभकामनाएं दें! जय हो!"
चोट लगने के बाद वर्कआउट करना कितना मुश्किल होता है?
चोट लगने के बाद बैक वर्कआउट करना किस प्रकार की चोट है इस पर निर्भर करता है। चोट के बाद वर्कआउट करने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है लेकिन नियमित रूप से एक्सरसाइज करने से आप पहले की तरह स्ट्रेंथ बढ़ा सकते हैं। अगर आप कंधे की चोट के बाद, वर्कआउट कर रहे हैं तो शुरुआत में हैवी वर्कआउट करने से बचें। शुरुआत में कंधे को मजबूत बनाने के लिए लाइट वेट एक्सरसाइज करें और फिर धीरे धीरे वेट को बढ़ाएं।
इन बातों का रखें ध्यान
अपने बॉडी पोस्चर का ध्यान रखें। सही बॉडी पोस्चर की वजह से रीढ़ की हड्डियों को मजबूती मिलती है और बैक पेन का खतरा कम होता है। इसके अलावा धीरे-धीरे अपनी स्ट्रेंथ को बढाएं। जिम में वर्कआउट के समय अपनी सेहत का बेहद खास ध्यान रखें।
