Hair Ball Removed From 14 Year Old Girl's Stomach: सोचिए अगर किसी के पेट से दो मीटर लंबा बालों का गुच्छा निकले, तो कैसा लगेगा? ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है जयपुर के एसएमएस अस्पताल में, जहां 14 साल की एक लड़की के पेट से डॉक्टरों ने करीब 2 मीटर लंबा बालों का गुच्छा निकाला। लड़की को कई दिनों से पेट में दर्द हो रहा था, जिसके बाद जब उसे अस्पताल में भर्ती किया गया, तो जांच में हैरान करने वाली ये बात सामने आई।
पेट दर्द की शिकायत होने पर हुई थी अस्पताल में भर्ती
14 साल की लड़की कई दिनों से पेट में दर्द महसूस कर रही थी। शुरुआत में सबने सोचा कि गैस या अपच की वजह से होगा, लेकिन जब तकलीफ बढ़ती चली गई और लड़की खाना पीना भी ठीक से नहीं खा पा रही थी, तब परिजन उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे।
जांच में निकला बालों का गुच्छा
अस्पताल में डॉक्टरों ने जब अल्ट्रासाउंड और एंडोस्कोपी की तो उनके भी होश उड़ गए। लड़की के पेट में बालों का एक बड़ा सा गुच्छा फंसा हुआ था। ये गुच्छा कोई छोटा-मोटा नहीं बल्कि पूरे 2 मीटर लंबा था, और इसका वजन करीब 3 किलो था। डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी की और गुच्छे को पेट से निकाला।
लड़की को थी बाल खाने की आदत
डॉक्टरों की मानें तो लड़की को अपने ही बाल खाने की आदत थी। मेडिकल भाषा में इसे ट्राइकोफेजिया कहा जाता है, और पेट में जो बाल जमा हो जाते हैं उन्हें ट्राइकोबेजोर कहा जाता है। इस तरह के केस को ‘रपुन्जल सिंड्रोम’ (Rapunzel Syndrome) कहा जाता है, जो बहुत ही रेयर होता है।
इलाज के बाद अब लड़की की हालत ठीक
सर्जरी के बाद लड़की अब ठीक है और धीरे-धीरे रिकवर कर रही है। लेकिन डॉक्टरों ने ये भी बताया कि उसे साइकोलॉजिकल काउंसलिंग दी जा रही है ताकि वह दोबारा ऐसा न करे। डॉक्टरों की सलाह है कि अगर कोई बच्चा बार-बार बाल खाता दिखाई दे, तो इसे हल्के में न लें और तुरंत इलाज कराएं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
