Faridabad Crime: पत्नी ने छोड़ा तो पति ने दोस्‍त संग रची हत्‍या की साजिश, कार चोरी कर खरीदा कट्टा, गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 27, 2022, 02:57 PM IST

Faridabad Crime: फरीदाबाद में अपनी पत्‍नी की हत्‍या की फिराक में घूम रहे एक पति व उसके दोस्‍त को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। अपराध में लिप्‍त होने के कारण आरोपी की पत्‍नी ने उसे छोड़ दिया था, जिसकी वजह से नाराज पति ने उसकी हत्‍या की प्‍लानिंग बनाई। इसके लिए उसने एक कार चोरी की और उसे बेच कर तमंचा खरीदा, लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले पुलिस ने उसे दबोच लिया।

Faridabad Crime: पत्नी ने छोड़ा तो पति ने दोस्‍त संग रची हत्‍या की साजिश, कार चोरी कर खरीदा कट्टा, गिरफ्तार
Photo Credit: Representative Image

Faridabad Crime: पत्‍नी के मायके जाने के बाद वापस न आने से पति इतना नाराज हुआ कि, उसने अपने दोस्‍त के साथ मिलकर अपनी पत्‍नी की हत्या का षड्यंत्र रच लिया। इस वारदात को अंजाम देने के लिए उसने सबसे पहले अपने दोस्त के साथ मिलकर एक होंडा सिटी कार चोरी की। फिर उसे बेचकर कट्टा खरीदा। वह अपने पत्नी की हत्या के लिए प्‍लानिंग तैयार कर ही रहा था कि, कार लूट के मामले में उसके पीछे पड़ी क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे धर दबोचा और उसकी साजिश का भंडाफोड़ हो गया।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 के अनुसार, आरोपी शेखर और उसका साथी मनोज जिले के गांव गढ़खेड़ा के निवासी हैं। आरोपी ने क्राइम ब्रांच की पूछताछ में बताया कि, वह पत्नी को छोड़ेगा नहीं, जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उसकी हत्या कर देगा। आरोपी बदमाश पहले भी लूट के एक मामले में जेल जा चुका है और एक माह पूर्व ही वह जमानत पर बाहर आया था।

अपराध में लिप्‍त होने के कारण पत्‍नी ने छोड़ दिया साथ

आरोपियों के गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए क्राइम ब्रांच प्रभारी ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि, आरोपी शेखर ने दो साल पहले गांव दयालपुर निवासी एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शेखर ने वर्ष 2021 में लूट की वारदात को अंजाम दिया था, जिस वजह से वह जेल में था। इसी 17 मई को वह जमानत पर जेल से बाहर आया था और आते ही पत्नी को लेने के लिए ससुराल पहुंच गया। लेकिन पत्नी ने अपराध में लिप्त पति के साथ जाने से साफ इंकार कर दिया। उसने आरोपी से कहा कि, वह अब उसके साथ नहीं रहेगी, वह दूसरी शादी करने जा रही है। इससे नाराज आरोपी ने पत्नी को धमकी दी थी कि, अगर तुमने दूसरी शादी की तो तुम्‍हारी हत्‍या कर दूंगा। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने अपने दोस्त मनोज के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची। दोनों ने एक होंडा सिटी कार चोरी की, जिस मामले की जांच करते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची और हत्‍या की वारदात को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!