Delhi Flag Hoisting: दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराने को लेकर विवाद शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस समय जेल में है। ऐसे में 15 अगस्त को छत्रसाल स्टेडिमय में होने वाले कार्यक्रम में उनकी जगह तिरंगा कौन फहराएगा? यह बड़ा सवाल बना हुआ है। अरविंद केजरीवाल ने मंत्री गोपाल राय के जरिए प्रस्ताव दिया था कि उनकी जगह आतिशी तिरंगा फहराएं। हालांकि, दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इस प्रस्ताव को मानने से ही इंकार कर दिया है।
दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से कहा गया है कि मंत्री गोपाल राय ने जिस तरह का कम्यूनिकेशन दिया है, वह जेल नियम के अनुसार उचित नहीं है। ऐसे में इस निर्देश को सही नहीं माना जा सकता है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में मंत्री गोपाल राय को एक चिट्ठी भी लिखी है। इसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री अरवंद केजरीवाल जेल में हैं और स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ये मामला ऊपरी स्तर पर संज्ञान में लाया गया है और फैसले की प्रतीक्षा की जा रही है।
क्या है मामला?
दरअसल, दिल्ली के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के मंत्री गोपाल राय ने कल अपने विभाग को निर्देश दिया था कि वह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलकर आए हैं और उन्होंने कहा है कि इस बार स्वतंत्रता दिवस पर झंडा आतिशी फहराएंगी, इसकी तैयारी की जाए। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से यह जवाब सामने आया है। जवाब में यह भी कहा गया है कि सीएम केजरीवाल का जेल से इस तरह की बात करना भी जेल के नियमों के खिलाफ है, जेल के नियम के अनुसार केवल निजी मामलों में ही बाहर अपने करीबियों को पत्र लिखा जा सकता है।
उपराज्यपाल को भी लिखा था पत्र
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल ने इस संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल को भी पत्र लिखा था। इसमें कहा गया था कि उनके जेल में होने के कारण आतिशी को तिरंगा फहराने के लिए अधिकृत किया जाए। वहीं, मनीष सिसोदिया के जेल से बाहर आने के बाद माना जा रहा था कि वह फ्लैग होस्टिंग कर सकत हैं, लेकिन केजरीवाल ने आतिशी का ही नाम लिया।
