Iran Fired Missiles Jordan: पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में हालात एक बार फिर बेहद संवेदनशील हो गए हैं। इजराइली सेना ने रविवार को एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि ईरान ने उसके पड़ोसी देश जॉर्डन की तरफ कई मिसाइलें दागी हैं। इस हमले के बाद इजराइल ने कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इस नए टकराव की आंच अब उसकी अपनी सीमाओं के पार तक फैल सकती है, जिससे पूरे क्षेत्र में एक बड़े युद्ध का खतरा पैदा हो गया है।
इजराइली सेना के मुताबिक, ईरान का मुख्य निशाना जॉर्डन का नजदीकी और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर अकाबा था। इस हमले के बाद इजराइल ने अपने नागरिकों को आगाह किया है कि वे हफ्तों बाद पहली बार हवाई हमले के सायरन सुनने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहें। सेना ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'सफदरजंग में ही रहेंगे वांगचुक, मेदांता नहीं होंगे शिफ्ट', HC ने केंद्र को जारी किया नोटिस; गीतांजलि को अलग रूम देने का निर्देश
पिछले हफ्ते अमेरिका-ईरान के बीच हुआ सीजफायर समझौता टूटा
गौरतलब है कि फरवरी के महीने में जब इस जंग की शुरुआत हुई थी, तब इजराइल ने ईरान पर हवाई हमले करने में अमेरिका (US Iran War) का साथ दिया था। हालांकि, उसके बाद से इजराइल इस संघर्ष में सीधे तौर पर शामिल होने से बचता आ रहा था। लेकिन पिछले हफ्ते अमेरिका और ईरान के बीच हुआ संघर्ष विराम (सीजफायर) समझौता टूटने के बाद समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं।
ईरान अरब देशों और जॉर्डन को बना रहा अपना निशाना
समझौता टूटने के बाद ईरान ने अपनी रणनीति बदलते हुए इजराइल के बजाय खाड़ी के उन अरब देशों और जॉर्डन को निशाना बनाना शुरू कर दिया है, जो अमेरिका के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। जॉर्डन पर हुआ यह ताजा हमला इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ईरान की कोई मिसाइल इजराइली क्षेत्र में गिरती है, तो यह युद्ध एक नए और विनाशकारी मोड़ पर पहुंच सकता है।
