भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स स्पेस में 9 महीने फंसने के बाद वापस धरती पर आ चुकी हैं। सुनीता विलियम्स अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन गईं थी, जहां उनके स्पेस यान में खराबी आने के कारण धरती पर आने के लिए 9 महीने का इंतजार करना पड़ा। सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी पर पूरे भारत में भी खुशी का माहौल है, सुनीता विलियम्स को भारत रत्न देने की मांग की जा रही है। अब सवाल ये है कि क्या सुनीता विलियम्स को भारत रत्न मिल सकता है, क्योंकि सुनीता विलियम्स के पिता भले ही कभी भारतीय नागरिक रहे थे, सुनीता विलियम्स अमेरिकी नागरिक हैं, तो क्या भारत के संविधान के अनुसार किसी विदेशी नागरिक को भारत का सर्वोच्च सम्मान, भारत रत्न मिल सकता? क्या किसी विदेशी नागरिक को भारत रत्न मिला है? आइए जानते हैं।
किसे मिलता है भारत रत्न (Who gets Bharat Ratna)
भारत रत्न भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जिसे किसी व्यक्ति को उनके असाधारण योगदान, विशेष रूप से राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर, के लिए दिया जाता है। यह पुरस्कार किसी भी क्षेत्र में दिया जा सकता है, जैसे कि विज्ञान, कला, साहित्य, खेल, समाज सेवा, और राजनीति आदि।

भारत रत्न (फोटो- विकिपीडिया)
भारत रत्न की प्रमुख बातें (Key points of Bharat Ratna)
- देश का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘भारत रत्न’ वर्ष 1954 में स्थापित किया गया था।
- जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना कोई भी व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए पात्र है।
- यह मानव प्रयास के किसी भी क्षेत्र में असाधारण सेवा/सर्वोच्च प्रदर्शन के सम्मान में प्रदान किया जाता है।
- भारत रत्न के लिए सिफारिशें प्रधानमंत्री द्वारा स्वयं राष्ट्रपति को की जाती हैं। इसके लिए कोई औपचारिक सिफारिश आवश्यक नहीं है।
- पुरस्कार प्रदान किए जाने पर, प्राप्तकर्ता को राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित एक सनद (प्रमाणपत्र) और एक पदक प्राप्त होता है।
- पुरस्कार के साथ कोई मौद्रिक अनुदान नहीं दिया जाता है।
- संविधान के अनुच्छेद 18 (1) के अनुसार, पुरस्कार को प्राप्तकर्ता के नाम के आगे या पीछे नहीं लगाया जा सकता है। हालांकि, यदि कोई पुरस्कार विजेता इसे आवश्यक समझता है, तो वह अपने बायोडेटा/लेटरहेड/विजिटिंग कार्ड आदि में निम्नलिखित अभिव्यक्ति का उपयोग यह दर्शाने के लिए कर सकता है कि वह पुरस्कार का प्राप्तकर्ता है।
- वार्षिक पुरस्कारों की संख्या किसी विशेष वर्ष में अधिकतम तीन तक सीमित है।
क्या किसी विदेशी को मिल सकता है भारत रत्न (Can a foreigner get Bharat Ratna)
आमतौर पर भारत रत्न भारतीय नागरिकों को दिया जाता है, लेकिन विदेशी नागरिकों को भी यह सम्मान मिल सकता है। विशेष परिस्थितियों में, जब किसी विदेशी व्यक्ति ने भारत या उसकी जनता के लिए असाधारण योगदान दिया हो, तो उन्हें भी यह पुरस्कार प्रदान किया जा सकता है।

अब्दुल गफ्फार खान के साथ जवाहरलाल नेहरू (फोटो- wikimedia commons)
अब तक कितने विदेशी नागरिकों को मिला है भारत रत्न (How many foreign citizens have received Bharat Ratna)
- खान अब्दुल गफ्फार खान (1987) – जिन्हें "सरहदी गांधी" के नाम से भी जाना जाता है, खान अब्दुल गफ्फार खान ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया था, विशेषकर गांधी जी के नेतृत्व में। उन्होंने अफगानिस्तान और ब्रिटिश भारत में अहिंसा का प्रचार किया और भारत की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया। उनके योगदान के कारण उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
- नेल्सन मंडेला (1990) – दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति और विश्व प्रसिद्ध मानवाधिकार नेता नेल्सन मंडेला को 1990 में भारत रत्न से नवाजा गया। मंडेला ने रंगभेद नीति के खिलाफ संघर्ष किया और दक्षिण अफ्रीका में लोकतंत्र की स्थापना के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके संघर्ष और शांति की दिशा में किए गए प्रयासों के कारण भारत ने उन्हें यह सर्वोच्च सम्मान दिया।
- मदर टेरेसा (1980)- मदर टरेसा को भी भारत रत्न दिया गया था, हालांकि वह मूल रूप से अल्बानियाई नागरिक थीं, लेकिन उन्होंने भारत में लंबा समय बिताया और यहां के गरीबों और असहायों के लिए अपार कार्य किया। उनकी मानवता की सेवा और योगदान के कारण उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। हालांकि भारत रत्न के समय मदर टरेसा भारतीय नागरिक थीं। उन्होंने भारत की नागरिकता ले ली थी।
क्या सुनीता विलियम्स को मिल सकता है भारत रत्न (Can Sunita Williams get Bharat Ratna)
जैसा कि भारत में मांग की जा रही है कि सुनीता विलियम्स को भारत रत्न दिया जाए, तो इसमें कानूनी अड़चनें नहीं हैं। सुनीता विलियम्स को भारत रत्न मिल सकता है, हालांकि यह भारत सरकार पर निर्भर करता है कि वो इसपर क्या फैसला लेती है।
