Jaideep Ahlawat’s father passes away: पाताललोक से अपने हुनर का लोहा मनवाने वाले एक्टर जयदीप अहलावत के पिता ने 14 जनवरी के दिन अपनी अंतिम सांस ली। जयदीप अहलावत को जैसे ही पिता के निधन की जानकारी लगी, वो दिल्ली की तरफ रवाना हो गए। जयदीप अहलावत इस मुश्किल के समय में परिवार का साथ देने के लिए घर जा रहे हैं। कुछ देर पहले ही जयदीप अहलावत दिल्ली में स्पॉट हुए, जहां उनके चेहरे पर पिता के निधन का दुख साफ-साफ देखा जा सकता है। जब मीडिया ने उन्हें कैमरे में कैद किया तब वो फोन से करीबी लोगों को कॉल लगाते नजर आ रहे थे।
स्कूल के मास्टर थे जयदीप अहलावत के पिता
एक्टर जयदीप अहलावत ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि उनके पिता स्कूल के मास्टर थे, जो रिटायर हो चुके हैं। पिता के साथ-साथ जयदीप अहलावत की मां भी स्कूल टीचर हुआ करती थीं। उन्होंने भी अपनी सेवाएं पूरी कर हैं। जयदीप अहलावत जब एक्टर बनने का सपना देख रहे थे तब उनके पिता ने काफी साथ दिया था। पिता के साथ के बिना जयदीप अहलावत कभी भी मुंबई जैसे शहर में सालों तक स्ट्रगल नहीं कर पाते और इतने बड़े स्टार बनकर नहीं उभरते।
पिता से बहुत डरते थे जयदीप अहलावत
जयदीप अहलावत ने इंटरव्यू में यह भी बताया था कि वो अपने पिता से काफी डरते हैं। वो अब भी जब गांव जाते हैं और उन्हें कार चाहिए होती है तो वो अपनी बहन का सहारा लेते हैं। इतने सफल होने के बाद भी उनके पिता सवाल पूछते हैं कि वो कहां जा रहे हैं। जयदीप के अनुसार, ये उनके पिता का प्यार जताने का तरीका था क्योंकि वो उनकी फिक्र किया करते थे।
