Shilpa Rao Concert Controversy: मुंबई में म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान शिल्पा राव (Shilpa Rao) की परफॉर्मेंस बीच में रोकने का मामला विवादों में आ गया है। गाते समय उनका माइक बंद कर दिया गया और दर्शकों से बात करते हुए ही अगला कार्यक्रम शुरू हो गया। इस घटना से शिल्पा दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दर्द जाहिर किया, जबकि आयोजकों ने माफी मांगते हुए देरी और समय की पाबंदियों को इसकी वजह बताया। आइए पूरी बात जानते है इस रिपोर्ट में...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Tiger Shroff Firing Case: मेरी किसी से दुश्मनी नहीं...' हमले के बाद अब भी सदमे में हैं टाइगर श्रॉफ)
शिल्पा राव का छलका दर्द
मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन्स में शनिवार को हुए बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट में शिल्पा राव, हिमेश रेशमिया, हरिहरन, अनु मलिक और कई दूसरे कलाकार शामिल हुए। शिल्पा की परफॉर्मेंस के दौरान कार्यक्रम में देरी हुई। इसी बीच उनका माइक बंद कर दिया गया। वह अपने फैंस को धन्यवाद कहना चाहती थीं, लेकिन उनकी बात पूरी होने से पहले ही अगला कार्यक्रम शुरू हो गया। इस घटना के बाद शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर अपना दुख जाहिर किया। उन्होंने लिखा, 'मुंबई, आज रात मेरे दिल का एक छोटा-सा हिस्सा टूट गया। यह बहुत दुख देता है कि हमसे इतनी खूबसूरत चीज इस तरह छीन ली गई।' शिल्पा ने आगे अपने फैंस के प्यार और समर्थन का जिक्र करते हुए कहा कि जब संगीत बंद हो गया, तब भी दर्शक उनका नाम पुकारते रहे। उन्होंने लिखा कि उस रात उनकी कहानी अधूरी रह गई, लेकिन वह दोबारा मुंबई लौटेंगी। सिंगर ने अपने फैंस के लिए प्यार भी जाहिर किया।
आयोजकों ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट के आयोजकों ने भी बयान जारी किया। उन्होंने कहा, 'हम शिल्पा राव, उनकी टीम और सबसे जरूरी उनके फैंस से दिल से माफी मांगते हैं। हमें अफसोस है कि हम उनकी परफॉर्मेंस पूरी नहीं दिखा सके।' आयोजकों के मुताबिक, बड़े म्यूजिक फेस्टिवल में कई कलाकारों के कार्यक्रम और दूसरी व्यवस्थाओं के कारण देरी हो सकती है। उन्होंने बताया कि पहले की परफॉर्मेंस लंबी होने से कार्यक्रम का समय बिगड़ गया। स्थानीय प्रशासन के नियमों और आयोजन स्थल पर तय समय की पाबंदियों के कारण शिल्पा का शो समय से पहले खत्म करना पड़ा। आयोजकों ने घटना पर अफसोस जताया, लेकिन उनकी सफाई के बावजूद फैंस की नाराजगी बनी हुई है।
