बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर हुए हमले की जांच के बीच उनका बयान सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्टर ने मुंबई क्राइम ब्रांच को बताया कि वह अब भी इस घटना के सदमे से बाहर नहीं निकल पाए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कोई उनकी जान लेने की कोशिश क्यों करेगा, जबकि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। आइए पूरी बात जानते है इस रिपोर्ट में...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-King Teaser: खून से सना चेहरा, दांतों में ताश का पत्ता, शाहरुख खान के खूंखार लुक ने मचाया तहलका)
टाइगर श्रॉफ ने कही ये बात
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 18 अक्टूबर को मुंबई में एक जन्मदिन की पार्टी से घर लौटते समय टाइगर की कार पर तीन हमलावरों ने गोलीबारी की थी। इस घटना में उनके ड्राइवर फिरदौस को गंभीर चोटें आईं। वहीं, टाइगर को बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट लगी थी। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम के सामने टाइगर ने कहा कि वह फिलहाल गहरे सदमे में हैं और इस समय कुछ नहीं कहना चाहते। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कौन उन पर इतना बड़ा हमला करना चाहता है और इसकी वजह क्या है। अभिनेता ने यह भी कहा कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें हरियाणा का 17 साल का एक लड़का, बिहार के बेगूसराय का 22 साल का ऋतिक कुमार उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत का 18 वर्षीय रेहान शामिल हैं। तीनों को 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने हिरासत बढ़ाकर 31 अक्टूबर तक करने की मांग की थी, लेकिन अदालत ने इसकी मंजूरी नहीं दी। जांच के दौरान एक नाबालिग आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उसे हमले की वजह नहीं पता थी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि अनिल पंडित ने हमलावर को बताया था कि बिश्नोई गैंग एक टिप्पणी का बदला लेना चाहता है। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है।
