Ghooskhor Pandat Controversy: बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी ने कुछ वक्त पहले फिल्म घूसखोर पंडत के लिए हाथ मिलाया था, जिसका फर्स्ट लुक टीजक बीते दिनों नेटफ्लिक्स ने जारी किया। नेटफ्लिक्स ने 2026 में रिलीज होने वाले ओरिजनल प्रोजेक्ट्स को पेश करने के लिए एक इवेंट रखा था, जिसमें घूसखोर पंडत का टीजर दिखाया गया। ये टीजर रिलीज करने के बाद मेकर्स ने इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद लोगों ने इस पर गुस्सा निकालना शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि मेकर्स ने जानबूझकर एक खास जाति को इस प्रोजेक्ट के माध्यम से निशाना बनाया है। घूसखोर पंडत का मामला इस कदर बढ़ गया कि इसके लिए मेकर्स को दिल्ली हाईकोर्ट में पेशी देनी पड़ी।
घूसखोर पंडत के मेकर्स ने दिल्ली हाई कोर्ट में ये जानकारी दी है कि वो इस प्रोजेक्ट का नाम बदलकर इसे रिलीज करें ताकि किसी की भी भावनाएं आहत ना हों और इसके साथ-साथ उन्होंने सोशल मीडिया से भी घूसखोर पंडत के सारे प्रोमो और प्रमोशनल कंटेंट डिलीट कर दिया है।
देशभर में हो रहा था विरोध
मनोज बाजपेयी और नीरज पांडे के अपकमिंग प्रोजेक्ट घूसखोर पंडत के ऐलान के बाद से ही पूरे देश में इसका विरोध होने लगा था। देश में जगह-जगह इस टाइटल के खिलाफ लोग धरने पर बैठने लगे थे, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मेकर्स की नींद भी टूटी। लोगों के लगातार प्रदर्शन के बाद मेकर्स ने ये फैसला लिया कि वो टाइटल पर दोबारा काम करेंगे और जरूरी एडिटिंग करेंगे। मेकर्स ने यही जानकारी दिल्ली हाईकोर्ट में भी दी, जिसके बाद इस मामले का निपटारा हो सका। मेकर्स घूसखोर पंडत का नया टाइटल क्या रखेंगे और इसे कब तक रिलीज करेंगे, ये अभी तक पता नहीं है। हो सकता है कि मेकर्स थोड़े समय के बाद इसकी जानकारी दें।
