स्पोर्ट्स

SAFF Championship 2026: डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने की पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत

डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को ढाका के नेशनल स्टेडियम में 3-2 के अंतर से मात देकर सैफ चैंपियनशिप फुटबॉल में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है।

Image

भारत बनाम पाकिस्तान (फोटो क्रेडिट @mohunbagansg X)

ढाका: गत चैंपियन भारत ने सुहैल अहमद भट के दो गोल की मदद से गुरुवार को ग्रुप मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर 3-2 की जीत के साथ अपने सैफ चैंपियनशिप अभियान की शुरुआत की। श्रीनगर के खिलाड़ी भट ने ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले गए ग्रुप बी मैच में 13वें और 19वें मिनट में गोल किए जबकि मैंगलेंथांग किपगेन ने 31वें मिनट में गोल दागा जिससे पहले हाफ तक भारत 3-0 से आगे था। पाकिस्तान ने इंजरी टाइम में दो गोल किए। नजीब उल्लाह ने 90+1वें और आलमगीर गाजी ने 90+4वें मिनट ने गोल किए।

पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे दर्जे की टीम ने हासिल की जीत

भारत ने अंडर-23 कोच नौशाद मूसा के मार्गदर्शन में दूसरे दर्जे की टीम उतारी क्योंकि मुख्य टीम 12 और 15 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलने के लिए रवाना होने वाली है। इस मैच के लिए मूसा के पास केवल 17 खिलाड़ी उपलब्ध थे क्योंकि इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) क्लब मौजूदा सत्र के बीच खिलाड़ियों को 'रिलीज' नहीं करना चाहते क्योंकि यह फीफा की अंतरराष्ट्रीय मैच विंडो (नौ से 17 नवंबर) के बाहर कराया जा रहा है।

मालदीव के खिलाफ मुकाबले के लिए खिलाड़ियों के रिलीज होने की है उम्मीद

आईएसएल क्लबों से उम्मीद है कि वे 11 नवंबर को मालदीव के खिलाफ अगले मैच के लिए अपने खिलाड़ियों को रिलीज कर देंगे। इसके बाद टीम में 28 खिलाड़ी होने की उम्मीद है। पाकिस्तान भी डेनमार्क में जन्मे डिफेंडर अब्दुल्ला इकबाल के बिना खेल रहा था क्योंकि यह मैच फीफा विंडो के अंदर नहीं आता है। वह स्वीडन में म्याल्बी एआईएफ के लिए खेलते हैं। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article