Lock Upp 2: कंगना रनौत का रियलिटी शो लॉक अप एक बार फिर सुर्खियों में बना हुआ है। लॉक अप का पहला सीजन काफी सफल रहा है। इस सीजन को मशहूर कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी ने अपने नाम कर लिया था। कंगना रनौत की यह जेल अब एक बार फिर खुलने वाली है। इसके नए सीजन का काउंटडाउन अब शुरू हो गया है। लॉक अप 2 के लिए कई सेलेब्स के नाम सामने आ रहे हैं। मेकर्स लगातार सितारों को इस सीजन के लिए अप्रोच कर रहे हैं। इस बीच खबर सामने आई हैं कि उर्फी जावेद से लेकर राखी सांवत तक कई नामी चेहरों को शो ऑफर किया गया है। अब इस लिस्ट में TV के मशहूर एक्टर करण पटेल का नाम भी जुड़ गया है। टीवी के सलमान खान के नाम से मशहूर करण पटेल को भी कंगना रनौत का शो ऑफर किया गया है।
करण पटेल को मिला कंगना रनौत का शो
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत अपने शो में कंटेस्टेंट को जमकर रोस्ट करती नजर आती हैं। टीवी एक्टर करण पटेल कई मशहूर टीवी सीरियल जैसे ‘ये हैं मोहब्बतें’, ‘कसौटी जिंदगी की’ और ‘कहानी घर घर की’ में नजर आ चुके हैं। इस बीच अब एक रिएलिटी शो करण को ऑफर हुआ है। जो उनके लिए काफी नया होने वाला है। क्योंकि अभी तक उन्होंने बिग बॉस जैसे रिएलिटी शो से भी दूरी बनाई हुई थी। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि करण से लॉक अप 2 के ऑफर को हां किया है या नहीं।
इन कंटेस्टेंट ने ठुकराया ऑफर
बिग बॉस 16 के ज्यादातर कंटेस्टेंट्स को लॉक अप 2 ऑफर किया गया था। हालांकि ज्यादातर सभी कंटेस्टेंट्स ने कंगना रनौत के शो को लात मार दी है। प्रियंका चाहर चौधरी, अर्चना गौतम, निमृत कौर आहलूवालिया ने ऑफर ठुकराने के पीछे कारण बताया कि अभी तो वह एक घर से बाहर निकले हैं और तुरंत दूसरे घर में एंट्री नहीं लेना चाहते। इसके साथ ही सोशल मीडिया स्टार उर्फी जावेद को भी शो ऑफर हुआ था, हालांकि उन्होंने इसे ठुकरा दिया है।
