Asian Para Games 2026: भारत के आयुष वर्मा ने बुधवार को यहाँ एशियाई पैरा खेलों में पुरुषों के शॉट पुट F53 इवेंट में स्वर्ण पदक जीता, जो उनका दूसरा पदक है। आयुष ने अपने पांचवें प्रयास में 8.16 मीटर की थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया। ईरान के अलीरेज़ा हेमामी 8.09 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कज़ाखस्तान के मखाम्बेट सेरिक्कालियेव 6.81 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
मंगलवार को, आयुष ने पुरुषों के जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) F53/F54 इवेंट में कांस्य पदक जीता था। F53 उन एथलीटों के लिए है, जिनके धड़ और पैरों की हलचल काफी हद तक प्रभावित होती है, जबकि हाथों की पकड़ (ग्रिप) पर कम असर पड़ता है। वे बैठकर प्रतिस्पर्धा करते हैं और अपनी छाती, ऊपरी पीठ और कंधों का इस्तेमाल करके ताकत (इनर्शिया) पैदा करते हैं।
इससे पहले बुधवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 के महिला कंपाउंड डबल्स इवेंट के फाइनल में, भारतीय पैरा-आर्चर्स शीतल देवी और पायल नाग को चीन की ज़्यूकिंग ज़ू और जिंग झाओ से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
रैंकिंग राउंड में टॉप पर रहने वाली भारतीय जोड़ी को गोल्ड मेडल मैच में चीनी जोड़ी ने 141-150 से हरा दिया। इसके साथ ही, भारत को इन गेम्स में पैरा-आर्चरी में अपना पहला मेडल मिला।
फाइनल में शीतल और पायल अपनी लय बनाए रखने के लिए संघर्ष करती दिखीं, जबकि चीनी आर्चर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
इस सिल्वर मेडल के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या में इजाफा हुआ। इसके अलावा, पैरा-एथलेटिक्स में भी भारत को एक ब्रॉन्ज मेडल मिला, जब अनुभव चौधरी पुरुषों की 100 मीटर T35 स्पर्धा में तीसरे स्थान पर रहे।
अनुभव ने 12.72 सेकंड का अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसके साथ ही, इन गेम्स में स्प्रिंट इवेंट्स में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी रहा।
