Pratyusha Banerjee father on Tunisha Sharma death: तुनिषा शर्मा की आत्महत्या ने सबको हिलाकर रख दिया है। हर किसी के मन में ये सवाल है कि आखिर इतनी कम उम्र में टीवी एक्ट्रेस ने ये कदम क्यों उठाया। 2016 में ऐसे ही 24 साल की उम्र में प्रत्युषा बनर्जी ने आत्महत्या करके सबको सदमे में डाल दिया था। अब दिवंगत अदाकारा प्रत्यूषा बनर्जी के पिता शंकर बनर्जी ने कहा कि वह तुनिषा शर्मा के बारे में जानकर बहुत दुखी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खुद एक पिता होने के नाते वह तुनिषा की मां वनिता शर्मा का दर्द समझ सकते हैं।
20 साल की तुनिषा शर्मा को 24 दिसंबर को टीवी शो अलीबाबा दास्तान-ए-काबुल के सेट पर मृत पाया गया था। इस मामले में उनके को-स्टार और एक्स बॉयफ्रेंड शीजान खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। तुनिषा के खोने के बारे में बात करते हुए प्रत्यूषा बनर्जी के पिता ने कहा, 'जब मैंने तुनिषा के बारे में खबर पढ़ी तो मुझे बहुत दुख हुआ। अचानक मेरे पुराने घाव ताजा हो गए। एक पिता होने के नाते मैं अभी तुनिषा की मां की हालत समझ सकता हूं।'
प्रत्यूषा बनर्जी के पिता का कहाना है, 'ईमानदारी से कहूं तो तुनिषा की मौत को मैं जितना समझ सकता हूं, यह मुझे मर्डर जैसा लगता है। पिछले कुछ सालों में तमाम हत्याओं को आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है। कुछ ऐसा ही हुआ सुशांत सिंह राजपूत के साथ...। जब मैं अपनी पत्नी से बात कर रहा था तो हम दोनों रो रहे थे कि फिर एक मां ने अपनी 20 साल की मासूम बेटी को खो दिया है। उसका दुख हमें अपना सा लगता है।'
मौत के मामले में मुख्य आरोपी शीजान को वसई अदालत में पेश किया गया है। पहले ही रिमांड खत्म होने के बाद शीजान को शनिवार तक के लिए हिरासत में भेज दिया गया है। हाल ही में वालीव पुलिस ने खुलासा किया कि उसकी मौत से पहले तुनिषा और शीजान खान के बीच गरमागरम बहस हुई थी। पुलिस ने एएनआई को बताया कि बहस के समय के सीसीटीवी फुटेज भी बरामद किए गए हैं। इससे पहले, तुनिषा की मां ने वलीव पुलिस से अनुरोध किया था कि वह इस बात की जांच करें क्योंकि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती है।
