टीवी के मोस्ट पॉपुलर क्विज रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति 14 (Kaun Banega Crorepati 14) दर्शकों का पसंदीदा शो है। कई सालों से इस शो को अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) होस्ट कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन शो में कंटेस्टेंट के साथ जमकर मस्ती करते हैं तो कभी उनकी कहानी सुनकर इमोशनल हो जाते हैं। कई बार बिग बी कंटेस्टेंट्स से अपने जीवन से जुड़े दिलचस्प किस्सों का खुलासा करते हैं। केबीसी के मंच पर अमिताभ बच्चन ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कंटेस्टेंट गार्गी सेन से संघर्ष की कहानी को शेयर किया। अमिताभ ने बताया कि जब वो कोलकाता में काम करते थे तब उनके पास खाना खाने तक के पैसे नहीं होते थे। उस समय वो पुचका पानी यानी गोलगप्पे खाकर गुजारा करते थे।
शो के दौरान कंटेस्टेंट से कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल से जुड़ा एक सवाल पूछा गया था। कंटेस्टेंट ने बड़ी आसानी से उसका जवाब दे दिया। इस जवाब के बाद अमिताभ बच्चन ने विक्टोरिया मेमोरियल से जुड़ा एक किस्सा सुनाया था।
पुचका पानी खाकर पेट भरते थे बिग बी
एक्टर ने कहा, 'इसके सामने एक फाटक है, जहां पर दुनिया के सबसे अच्छे गोलगप्पे मिलते हैं। हम जैसे लोग जिनकी सैलरी 300- 400 रुपये महीने होती थी। वहां, जब हम जॉब करते थे तो खाने -पीने में बहुत दिक्कत होती थी। उस समय मैं पुचका पानी पर जिंदा रहता था। उसकी कीमत 2 आना से 4 आना होती था। बहुत ही बढ़िया पुचके मिलते थे, पेट भरके खाते थे'।
अमिताभ बच्चन की फिल्म ऊंचाई हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। इस फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, परिणीति चोपड़ा, नीना गुप्ता, डैनी डेंजोंगपा मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म को ऑडियंस का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। ऊंचाई से सूरज बड़जात्या ने 7 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की। इससे पहले उनकी फिल्म प्रेम रत्न धन पायो रिलीज हुई थी। फिल्म में सलमान खान और सोनम कपूर लीड रोल में थे।
