Exclusive Akshay Kumar To Make Comeback With This New Reality Show: बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार ने अपनी फिल्मों और अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। अक्षय कुमार बड़े पर्दे पर तो तूफान मचा ही रहे हैं। लेकिन अब वह एक बार फिर से टीवी पर लौटकर धमाल मचाने वाले हैं। दरअसल, अक्षय कुमार (Akshay Kumar) के हाथ एक नया रियलिटी शो लगा है, जिसमें वह बतौर होस्ट रंग भरते नजर आएंगे। अक्षय कुमार का ये अपकमिंग शो सोनी टीवी पर दस्तक दे सकता है। इस बात का खुलासा खुद अक्षय कुमार से जुड़े सूत्रों ने टेली टॉक संग बातचीत में किया है।
अक्षय कुमार (Akshay Kumar) से जुड़े सूत्रों ने टेली टॉक संग बातचीत में कहा, "सुपरस्टार को नए शो के लिए अप्रोच किया गया है और वह लगभग उस रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' के लिए लॉक भी किये जा चुके हैं, जो कि सोनी टीवी पर दस्तक देगा।" सूत्रों का कहना है कि अगर प्लानिंग के मुताबिक चीजें जाती हैं तो अक्षय कुमार को एक बार फिर से छोटे पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा। इस शो में सेलिब्रिटी गेस्ट्स के साथ-साथ आम जनता भी हिस्सेदारी लेगी। हालांकि इस शो की आधिकारिक तौर पर घोषणा होनी अभी बाकी है।
बता दें कि अक्षय कुमार (Akshay Kumar) अभी तक टीवी के कई पॉपुलर शो होस्ट कर चुके हैं। इस लिस्ट में "मास्टर शेफ इंडिया", 'डेयर टू डांस', 'खतरों के खिलाड़ी सीजन 1' और 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' शामिल हैं। इसके अलावा अक्षय कुमार ने 'बिग बॉस 19' का वीकेंड का वार और 'सावधान इंडिया स्पेशल एपिसोड' भी होस्ट किया था। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि अक्षय कुमार अपने नए रियलिटी शो के साथ क्या नया धमाल मचाते नजर आएंगे। एक्टर की अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो वह जल्द ही 'हेरा-फेरी 3' और 'वेलकम टू द जंगल' जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं।
