Bigg Boss 16: बिग बॉस 16 की ट्रॉफी रैपर एमसी स्टैन (MC Stan) ने अपने नाम कर ली है। इसके साथ ही उनके जिगरी दोस्त और उस ट्रॉफी के सबसे बड़े हकदारों में से एक शिव ठाकरे रनर अप रहे हैं। ट्रॉफी के इतना नजदीक आकर उसे न जीत पाना यकीनन शिव ठाकरे के लिए भी निराशाजनक रहा है। सीजन की शुरुआत से ही शिव ठाकरे का रवैया एक विनर की तरह लग रहा था, पूरे सीजन में उन्होंने अपनी गेम से लाखों फैंस का दिल जीत लिया है। बीते दिन सोशल मीडिया पर बिग बॉस जीतने के लिए शिव ठाकरे का नाम काफी चर्चाओं में रहा है। बिग बॉस की ट्रॉफी अपने जिगरी दोस्त एमसी स्टैन से हारने के बाद शिव ठाकरे का एक इंटरव्यू तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी है।
‘मैने शुरुआत से ही अपना 100% दिया’
टेली टॉक इंडिया से बात करते हुए शिव ठाकरे ने कहा, ‘बिग बॉस की शुरुआत से ही मैंने अपना 100% दिया है, ट्रॉफी के इतना नजदीक आकर नहीं जीतने पर बुरा तो लग ही रहा है, पर इस घर ने मुझे काफी कुछ सिखाया है जो मेरे करियर में मुझे काम आने वाला है। मैं भले ही न जीता हूं पर इस शो से मुझे जो पहचान और प्यार मिला है मैं उसके लिए काफी शुक्रगुजार हूं।’
‘शायद मेरी किस्मत में नहीं था’
इसके साथ ही बिग बॉस मराठी के विजेता शिव ठाकरे ने आगे बताया, ‘सब कुछ करने के बाद भी मैं बिग बॉस 16 की ट्रॉफी नहीं जीत पाया हूं, मुझे लगता है कि कुछ चीजें हमारी किस्मत में ही नहीं होती हैं। लेकिन मैं इसकी पॉजिटिव साइड देख रहा हूं, अगर मैं बिग बॉस जीत जाता तो आने वाले प्रोजेक्ट के लिए मेरा पैशन शायद थोड़ा कम हो जाता, लेकिन अब मैं और भी अधिक पैशन के साथ काम करूंगा।’
बता दें कि MC Stan के ट्रॉफी जीतने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस दो गुटों में बंट गए हैं। एक तरह लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं, वही दूसरे गुट का मानना है कि शिव ठाकरे उनसे ज्यादा डिजर्विंग विनर होते।
