Abdu Rozik working in India: बिग बॉस 16 फेम अब्दु रोजिक ने अपनी क्यूटनेस से देशवासियों का दिल जीत लिया है। बिग बॉस 16 में अब्दु रोजिक (Abdu Rozik) की मस्ती सभी को पसंद आती थी, जिस कारण वो लम्बे वक्त तक सबके पसंदीदा प्रतियोगी भी रहे। कई लोगों को लगता था कि अब्दु रोजिक शो को जीतकर बाहर निकलेंगे लेकिन ऐसा हो न सका। अब्दु रोजिक अब शो से बाहर आ चुके हैं और शो के बारे में बड़े-बड़े खुलासे कर रहे हैं। अब्दु रोजिक ने टाइम्स ऑफ इंडिया से फ्यूचर प्लान्स के बारे में भी बात की है और बताया है कि वो भारत में काम करेंगे या नहीं? अब्दु रोजिक ने कहा है कि भारत के लोगों ने उन्हें बहुत सारा प्यार दिया है, जिस कारण वो यहां खूब सारा काम करना चाहते हैं।
अब्दु रोजिक ने कहा है, 'मैं भारत में अगले कुछ और दिन हूं। मैं एक गाना शूट करूंगा। इसके बाद में दुबई जाऊंगा क्योंकि वहां मुझे कुछ काम है। वहां का काम खत्म होने के बाद में यूएस ट्रिप पर निकलूंगा। मैं भारत भी लौटकर आऊंगा क्योंकि यहां के लोगों ने मुझ पर खूब प्यार बरसाया है। मैं यहां काफी काम करना चाहता हूं, मैं भारत जल्द ही लौटूंगा।'
जब अब्दु रोजिक से पूछा गया कि क्या वो यहां जगह खरीदने की सोच रहे हैं तो उन्होंने कहा, 'मैं अभी नहीं जानता हूं कि मैं यहां प्रॉपर्टी खरीदूंगा या नहीं? लेकिन मैं यहां आता रहूंगा। अगर मुझे यहां काम मिलता रहेगा तो मैं यहां आता रहूंगा। क्या पता कभी मेरा भारत में एक घर हो लेकिन यह सब काम के ऊपर डिपेंड करता है।'
अब्दु रोजिक ने खुद बिग बॉस 16 का घर छोड़ा है। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैंने शो इसलिए छोड़ा क्योंकि मेरे पास बहुत सारा काम है। मैंने लोगों से वादा कर रखा है, इसीलिए मैं शो से बाहर आया हूं। मैं कई प्रोजेक्ट शुरू करने वाला हूं, जिनके लिए मैं एक्साइटेड हूं।'
