Madalsa Sharma Bid Adieu Anupamaa Shares Post On Internet: टीवी के चर्चित सीरियल 'अनुपमा' ने दर्शकों के दिलों-दिमाग पर जबरदस्त छाप छोड़ी है। साल 2020 से टीवी की दुनिया में छाने वाला 'अनुपमा' न केवल अपनी कहानियों के लिए चर्चा में रहता है, बल्कि अपने किरदारों के लिए भी खूब जाना जाता है। इसके हर एक किरदार लोगों के दिलों में बस चुके हैं। लेकिन बता दें कि सुधांशु पांडे के जाने के बाद अब एक्ट्रेस मदालसा शर्मा (Madalsa Sharma) ने भी 'अनुपमा' को अचानक ही अलविदा कह दिया। मदालसा शर्मा ने बीते दिन 'अनुपमा' से जुड़ी पोस्ट भी साझा की, जिसमें उन्होंने शुरुआत से लेकर आखिर तक काव्या का सफर दिखाया, साथ ही अपनी टीम और राजन शाही का भी शुक्रिया किया।
मदालसा शर्मा (Madalsa Sharma) ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया, जिसमें काव्या से जुड़े कई खास पल दिखाई दिये। मदालसा शर्मा ने पोस्ट में लिखा, "आप सभी का काव्या को अपनाने के लिए और इसे इतना प्यार देने के लिए शुक्रिया। मैंने काव्या के हर एक सफर को बहुत सराहा है और मैं उस प्यार और सम्मान के लिए बहुत आभारी भी हूं जो आप सबने मुझे दिया है। काव्या की हमेशा ही मेरे दिल में खास जगह रहेगी। लेकिन जो भी चीजें शुरू होती हैं, उन्हें एक दिन खत्म होना ही है। और अब 'काव्या' को अलविदा कहने और नए किरदार व कहानियों को ढूंढने का वक्त आ चुका है।"
मदालसा शर्मा (Madalsa Sharma) ने 'अनुपमा' की अपनी पूरी टीम को भी शुक्रिया कहा। मदालसा शर्मा ने लिखा, "मैं अनुपमा की पूरी टीम को इन खूबसूरत यादों के लिए शुक्रिया कहती हूं और खासतौर पर राजन शाही का 'काव्या' को रचने के लिए धन्यवाद कहती हूं। हम फिर मिलेंगे एक नए किरदार के साथ।" मदालसा शर्मा के "अनुपमा' को अलविदा कहने पर फैंस भी मायूस नजर आए। एक यूजर ने लिखा, "सारे अच्छे-अच्छे किरदारों ने अनुपमा को अलविदा कह दिया है।" वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, "तुम काव्या के तौर पर बेस्ट थी। हमें तुम्हारी याद आ रही है।"
