Naga chaitanya and Sobhita Dhulipala Engagement Today: साउथ के दिग्गज स्टार नागा चैतन्य और शोभिता धूलिपाला को लेकर ये रिपोर्ट सामने आई थी कि दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। सामंथा से अलग होने के बाद नागा, शोभिता के करीब आ गए थे। अब ऐसी खबर सामने आई है कि नागा के फैंस की खुशी सातवें आसमान पर पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि नागा चैतन्य और शोभिता धूलिपाला अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने वाले हैं। दोनों जल्द ही सगाई करने वाले हैं। आइए रिपोर्ट में विस्तार से जानते हैं इस बारे में...
कब सगाई करेंगे नागा चैतन्य और शोभिता धूलिपाला
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नागा चैतन्य और शोभिता धूलिपाला आज ही सगाई करने वाले हैं। द ग्रेट आंध्रा के मुताबिक एक करीबी सूत्र ने इस खबर पर मुहर लगा दी है। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद से ही इंटरनेट पर हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, सगाई के बाद नागा और शोभिता शुक्रवार को अपनी तस्वीरें और वीडियोज इंटरनेट पर साझा करेंगे। वहीं दोनों आधिकारिक तौर पर अपनी सगाई की बात दुनिया को बता सकते हैं। अगर सच में नागा चैतन्य और शोभिता धूलिपाला सगाई करेंगे तो फैंस का दिन बन जाएगा।
सामंथा से हुआ था तलाक
बताते चलें कि नागा चैतन्य और सामंथा रुथ प्रभु ने साल 2017 में शादी की थी। हालांकि ये रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाया। साल 2021 में एक खबर सामने आई जिससे लाखों फैंस का दिल टूट गया। नागा चैतन्य और सामंथा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर एक दूसरे से अलग होने का फैसला ले लिया। इसके बाद अब नागा और सामंथा दोनों ही अपनी जिंदगी में काफी आगे बढ़ चुके हैं। अब देखना ये दिलचस्प होगा कि नागा और शोभिता की सगाई पर सामंथा कैसे रिएक्ट करती है।
