साउथ मूवीज

EXCLUSIVE: 'ना कहना आना चाहिए' फिल्मों में बिकिनी-इंटिमेट सीन पर Kajal Aggarwal का रिएक्शन

  • Authored by: अभय
  • Updated Jul 4, 2026, 02:43 PM IST

Magadheera Actress Kajal Aggarwal Zoom Intervi​ew: काजल अग्रवाल ने फिल्म इंडस्ट्री के ब्यूटी स्टैंडर्ड्स पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि करियर के दौरान कई बार उनसे वजन बढ़ाने या घटाने तक की सलाह दी गई।

Image

काजल अग्रवाल ने किया ये खुलासा (Image Source: Zoom TV Youtube)

Magadheera Actress Kajal Aggarwal Zoom Interview: बॉलीवुड से लेकर साउथ तक की फिल्मों में एक्टिंग का जलवा दिखाने वाली एक्ट्रेस काजल अग्रवाल (Kajal Aggarwal) इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ पर्सनल लाइफ के लेकर भी चर्चा में बनी रहती हैं। काजल अग्रवाल की पर्सनल लाइफ को लेकर एक के बाद एक अपडेट सामने आते रहते हैं। इसी बीच काजल अग्रवाल ने Zoom को एक इंटरव्यू दिया है। इस इंटरव्यू के दौरान काजल अग्रवाल ने अपनी फिल्मों के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि करियर के अलग-अलग दौर में कई फिल्ममेकर्स ने उन्हें कभी वजन बढ़ाने तो कभी वजन घटाने की सलाह दी।

काजल अग्रवाल ने किया ये खुलासा

एक्ट्रेस काजल अग्रवाल एक बार फिर से खबरों में हैं। इसकी वजह काजल अग्रवाल का अभी हाल में Zoom को दिया इंटरव्यू है। Zoom से बातचीत में काजल अग्रवाल ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि करीब 20 साल पहले फिल्म इंडस्ट्री का माहौल आज से बिल्कुल अलग था। उस समय सोशल मीडिया नहीं था, इसलिए हर पब्लिक अपीयरेंस या एयरपोर्ट लुक पर लोगों की नजर नहीं रहती थी। काजल ने बताया कि उस समय भी खूबसूरती को लेकर दबाव जरूर था, लेकिन वो आज जितना सख्त नहीं था। उन्होंने कहा, 'उस वक्त फिल्ममेकर्स कभी कहते थे कि थोड़ा वजन बढ़ाओ, तो कभी कहते थे कि और पतली हो जाओ। ऐसी बातें होती थीं, लेकिन तब हालात इतने खराब नहीं थे। आज की तुलना में सब कुछ काफी आसान था। मुझे आज की नई एक्ट्रेसेस के लिए सच में बुरा लगता है। बस यही उम्मीद करती हूं कि वे अपने दम पर मजबूती से खड़ी रहें।'

ना कहना भी है जरूरी

काजल ने कहा कि उनके करियर में सबसे बड़ी ताकत यह रही कि उन्हें जरूरत पड़ने पर 'ना' कहना आता था। उन्होंने कहा, 'अगर कोई बात मुझे सही नहीं लगती थी, तो मैं साफ मना कर देती थी और वहां से हट जाती थी। हर बात पर 'हां' कहना जरूरी नहीं होता। कई बार 'ना' कहना सीखना ज्यादा जरूरी होता है। मेरे दिमाग में यह बात बिल्कुल साफ थी कि अगर कोई चीज हो गई तो अच्छा, नहीं हुई तो भी कोई दिक्कत नहीं।' उन्होंने आगे कहा कि 'मैंने कभी सिर्फ बड़ी फिल्म के लिए अपनी पसंद के खिलाफ काम नहीं किया। बिकिनी सीन करना मुझे ठीक नहीं लगता था, इसलिए मैंने कभी नहीं किया। बहुत ज्यादा इंटिमेट सीन भी मैंने नहीं किए। हर किसी की अपनी पसंद होती है और मैंने हमेशा उसी के हिसाब से फैसले लिए। मेरे लिए सबसे जरूरी यही था कि मैं खुद के साथ ईमानदार रहूं।'

काजल ने किया दीपिका पादुकोण का सोपोर्ट

काजल अग्रवाल का कहना है कि मां बनने के बाद उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने बेटे और काम के बीच सही तालमेल बनाना रही है। उन्होंने बताया कि वह अपने बेटे और अपने काम, दोनों को बराबर अहमियत देती हैं। ऐसे में कई बार ये तय करना आसान नहीं होता कि किसे ज्यादा समय दें, लेकिन परिवार के साथ ने इस सफर को काफी आसान बना दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म इंडस्ट्री नई मां के लिए अब भी आसान जगह नहीं है, तो काजल ने कहा कि पहले के मुकाबले अब हालात बदल रहे हैं। उनके मुताबिक, पहले मां बनने के बाद काम संभालना उतना आसान नहीं था, लेकिन अब धीरे-धीरे सोच बदल रही है। उन्होंने कहा कि अब वो इस बात को लेकर बिल्कुल साफ हैं कि उन्हें कैसी फिल्में करनी हैं और कैसी नहीं। काजल ने यह भी बताया कि अब उन्होंने अपने कॉन्ट्रैक्ट में कुछ शर्तें भी जोड़ दी हैं। वो पहले से तय कर देती हैं कि कितने घंटे काम करेंगी और रविवार को शूटिंग नहीं करेंगी। इसी बातचीत में काजल ने दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट वाली मांग का भी खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वह दीपिका की बात को पूरी तरह समझती हैं और उनके साथ हैं। काजल के मुताबिक, जब कोई स्टार सालों की मेहनत के बाद उस मुकाम पर पहुंचता है, जहां वो अपनी काम करने की शर्तें तय कर सके, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article