Motichoor Chaknachoor Movie Review: 'मोतीचूर' से ज्यादा 'चकनाचूर' है नवाजुद्दीन-आथिया की फिल्म, पढ़ें रिव्यू

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 14, 2019, 08:41 PM IST

Motichoor Chaknachoor Review: अगर आप भी नवाजुद्दीन सिद्दीकी और आथिया शेट्टी की फिल्म मोतीचूर चकनाचूर देखने का सोच रहे हैं तो पहले इसका रिव्यू पढ़ लें।

Motichoor Chaknachoor Movie Review: 'मोतीचूर' से ज्यादा 'चकनाचूर' है नवाजुद्दीन-आथिया की फिल्म, पढ़ें रिव्यू
Photo Credit: Instagram

बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म मोतीचूर चकनाचूर जल्द ही रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में वे पहली बार आथिया शेट्टी के साथ रोमांस करते हुए नजर आएंगे। इस फिल्म की डायरेक्टर देबामित्रा बिस्वाल हैं। मोतीचूर चकनाचूर के ट्रेलर को काफी पसंद किया गया था। ये फिल्म इस शुक्रवार यानि 15 नवंबर को रिलीज होने वाली हैं। अगर आप भी ये फिल्म देखने जाने का सोच रहे हैं तो इससे पहले फिल्म का रिव्यू पढ़ लें।

मोतीचूर चकनाचूर एक 36 साल के बेरोजगार शख्स पुष्पिंदर (नवाजुद्दीन) की कहानी है। जो अपने लिए दुल्हन की तलाश में हैं। लेकिन उनकी ये चाहत कई बार बेहद अजीब हो जाती है। एक सीन में वे भोपाल में अरैंज मैरिज की मीटिंग में लड़की से कहते हैं कि हम लड़के हैं, आप लड़की हैं, बस इतना काफी होता है शादी के लिए। इस डायलॉग से ही आप उनकी मानसिकता समझ सकते हैं।

वहीं अनिता यानि एनी (आथिया) उनकी पड़ोसन हैं। उन्हें भी शादी करना है, लेकिन उन्हें एक ऐसा लड़का चाहिए, जो शादी के बाद उन्हें विदेश ले जाए। और वो उसके साथ फोटो क्लिक करके सोशल मीडिया पर अपलोड कर सके। फिल्म के शुरू में वे 10 लड़कों को इसी वजह से रिजेक्ट करती हैं। आथिया को पता चलता है कि नवाज दुबई में नौकरी करते हैं तो वे उन्हीं से शादी करने को सोचती है और दोनों भागकर शादी कर लेते हैं। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब आथिया को पता चलता है कि नवाज की दुबई वाला नौकरी पहले ही चली गई है।

फिल्म को जबरदस्ती बहुत लंबा खींचा गया है और इन्हें फनी दिखाने की कोशिश की गई है। लेकिन असल में ये बिल्कुल मजेदार नहीं लग रहे हैं। पुष्पिंदर और एनी शादी करने में ही फिल्म का फर्स्ट हाफ निकाल देते हैं। सेकंड हाफ तो उससे भी बोरिंग हो जाता है। इसमें कोई लॉजिक ही समझ नहीं आता। बीच-बीच में जबरदस्ती के इमोशंस आपका मूड खराब करने के लिए काफी हैं।

नवाजुद्दीन सिद्दीकी इस फिल्म की जान है। उन्होंने इसमें जबरदस्त एक्टिंग की है। बिल्कुल सामान्य सीन को भी उन्होंने अपने एक्टिंग से अच्छा बना दिया। फनी के साथ-साथ इमोशनल सीन्स में भी नवाज शानदार लगे। हालांकि फिल्म देखकर ऐसा लगा कि डायरेक्टर उनकी एक्टिंग का पूरा लाभ नहीं उठा पाईं। आथिया इस फिल्म में काफी कॉन्फिडेंट लगीं। लेकिन एक्टिंग की अगर बात करें तो उन्हें अभी और मेहनत की जरूरत है। ज्यादातर सीन्स में उनकी ओवर एक्टिंग लगी। हालांकि उनकी मौसी के रूप में करुणा पांडे ने सराहनीय काम किया। लेकिन उनका भी फिल्म पूरी तरह से इस्तेमाल नहीं किया गया।

कुल मिलाकर नवाजुद्दीन सिद्दीकी और आथिया शेट्टी की फिल्म मोतीचूर चकनाचूर कहीं-कहीं फनी लगती है। लेकिन कुछ डायलॉग्स और सीन्स देखकर आपको चिढ़ मच सकती है। वहीं फिल्म में जबरदस्ती डाले गए सीन बोर कर सकते हैं। 

End of Article