बॉक्स ऑफिस

Thamma & Ek Deewane ki Deewaniyat बॉक्स ऑफिस "Superhits" हैं या फिर PR गेम का नायाब नमूना?

Thamma and Ek Deewane ki Deewaniyat: दीवाली पर रिलीज हुईं थामा और एक दीवाने की दीवानियत की वायरल हो रही वीडियोज को देखकर ऐसा लग रहा है कि इन फिल्मों ने दर्शकों का दिलों को जीत लिया है लेकिन अगर इनके बॉक्स ऑफिस नम्बर्स पर नजर डाली जाए तो कहानी कुछ और ही नजर आती है। आइए आपको थामा और एक दीवाने की दीवानियत की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस की डिटेल्ड एनालिसिस देते हैं और बताते हैं कि इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का इनकी परफॉर्मेंस पर क्या सोचना है?

Image

Image Source: Thamma & Ek Deewane ki Deewaniyat Movie Posters

Thamma and Ek Deewane ki Deewaniyat: ईद, होली और दीवाली जैसे त्योहार बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के लिए हमेशा से खास रहे हैं। इन त्योहारों पर रिलीज होने वाली फिल्मों से इंडस्ट्री को शानदार कमाई की उम्मीद रहती है। दीवाली 2025 की बात करें तो बॉलीवुड ने थामा (Thamma) और एक दीवाने की दीवानियत (Ek Deewane Ki Deewaniyat) जैसी दो फिल्में रिलीज की, जिनकी रील्स और वीडियोज इंटरनेट पर अब तक छायी हुई हैं। थामा के फैंस लम्बे-लम्बे दांत लगाकर थिएटर जाते नजर आ रहे हैं तो वहीं हर्षवर्धन राणे की शर्ट फैंस थिएटर के बाहर खींच-खींचकर फाड़ रहे हैं। इंटरनेट पर वायरल होने वाली ऐसी वीडियोज को देखकर लग रहा है कि बॉलीवुड के लिए ये दीवाली वाकई धमाकेदार रही है और मेकर्स ने जेबें भर-भरकर पैसे बटोरे हैं लेकिन थामा और एक दीवाने की दीवानियत ने बॉक्स ऑफिस पर जो नम्बर्स दर्ज कराए हैं, वो सोशल मीडिया पर नजर आ रही दीवानगी से काफी अलग हैं। अगर आप उन वीडियोज को देखकर ये सोच बैठे हैं कि इन दोनों फिल्मों ने दीवाली पर रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं और "ब्लॉकबस्टर" का खिताब अपने नाम कर लिया है तो ये बॉक्स ऑफिस एनालिसिस रिपोर्ट आपके लिए ही है क्योंकि इसमें हम आपको बताएंगे कि थामा और एक दीवाने की दीवानियत वाकई बॉक्स ऑफिस ब्लॉकबस्टर्स हैं या फिर PR गेम का नायाब नमूना...

सबसे पहले बात करते हैं मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की नई रिलीज थामा की जिसमें रश्मिका मंदाना और आयुष्मान खुराना के साथ-साथ परेश रावल भी नजर आ रहे हैं। इस फिल्म की रिलीज से पहले ट्रेड पंडितों का मानना था कि मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का इसको भरपूर फायदा मिलेगा और दीवाली पर ये धमाका करेगी। पहले दिन थामा ने 24 करोड़ की कमाई की, जिसे शानदार कहा जा सकता है लेकिन उसके बाद थामा ने फिर किसी भी दिन 20 करोड़ का आंकड़ा नहीं छुआ। भाईदूज की छुट्टी रही हो या फिर वीकेंड, थामा की बॉक्स ऑफिस पर वापसी नहीं देखी गई। अगर रिलीज से लेकर 9 दिनों तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो थामा की कमाई लगातार गिरती ही चली गई है। आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की थामा ने 9वें दिन लगभग 3.25 करोड़ की कमाई की है, जिसको मिलाकर इसका डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 104.60 करोड़ रुपये हो गया है।

DAYBox Office Collection
Day 124 cr
Day18.6 cr
Day13 cr
Day10 cr
Day13.1 cr
Day12.6 cr
Day4 cr
Day5.50 cr
Day3.25 cr (early estimates)
Total104.60 cr
इसके दूसरी तरफ अगर हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा की एक दीवाने की दीवानियत ने ओपनिंग डे पर 9 करोड़ रुपये अपने खाते में जोड़े और फिर इसकी कमाई दोबारा कभी भी इतनी शानदार नहीं रही और 9वें दिन की बात करें तो ये रोमांटिक ड्रामा केवल 2.75 करोड़ रुपये ही अपने खाते में जोड़ पायी है, जिसकी मदद से इस फिल्म की कुल डोमेस्टिक कमाई 52.25 करोड़ रुपये हो गई है।
DAYBox Office Collection
Day 19 cr
Day 27.75 cr
Day 36 cr
Day 45.5 cr
Day 56.25 cr
Day 67 cr
Day 73.5 cr
Day 84.35 cr
Day 94.5 cr (early estimates)
Total52.25 cr
रिलीज के 9 दिनों के बाद अगर हम थामा और एक दीवाने की दीवानियत की कमाई पर गहरायी से नजर डालें तो आयुष्मान-रश्मिका की फिल्म लगभग 105 करोड़ रुपये की कमाई पायी है और हर्षवर्धन-सोनम की फिल्म ने लगभग 53 करोड़ रुपये जोड़े हैं। दीवाली के मौके पर अलग-अलग जॉनर की फिल्मों की ये कमाई संतोषजनक तो हो सकती है लेकिन इसे धांसू मानकर हम खुद की आंखों में ही धूल झोंकेंगे।

अब सवाल ये उठता है कि थामा और एक दीवाने की दीवानियत ब्लॉकबस्टर हैं या फिर फ्लॉप? इस सवाल का जवाब जानने के लिए हमें दो चीजें देखनी पड़ेंगी। पहली कि पिछली दीवाली पर रिलीज हुईं फिल्मों भूल भुलैया 2 और सिंघम अगेन ने मिलकर कितना लाइफटाइम बिजनेस किया था और दूसरी थामा-एक दीवाने की दीवानियत का बजट क्या है?

चलिए सबसे पहले जानते हैं कि भूल भुलैया 3 और सिंघम अगेन की रिलीज से बीती दीवाली कैसी रही थी? अजय देवगन की सिंघम अगेन और कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 3 ने मिलकर बीती दीवाली पर बॉलीवुड को लगभग 80 करोड़ की ओपनिंग दिलाई थी जबकि थामा-एक दीवाने की दीवानियत की पहले दिन की कुल कमाई 35 करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं कर पायी है। अगर लाइफटाइम कलेक्शन की बात करें पिछली दीवाली पर सिंघम अगेन-भूल भुलैया 3 की मदद से बॉलीवुड ने 800 करोड़ से ज्यादा रुपये कमाए थे जबकि इस दफा ये कमाई 200 करोड़ तक भी पहुंचती नहीं दिख रही है।

टाइम्स नाउ नेटवर्क ने थामा और एक दीवाने की दीवानियत के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर सीनियर जर्नलिस्ट और ट्रेड एक्सपर्ट जोगिंदर टुटेजा से बात की है। जोगिंदर टुटेजा के अनुसार, "अगर हम तथ्यों को देखें तो थामा और एक दीवाने की दीवानियत दोनों ने ही अच्छी ओपनिंग ली है। नॉर्मल डेज में भी इन दोनों फिल्मों ने अच्छे आंकडे़ दर्ज कराएं हैं, जिसे नकारा नहीं जा सकता है। हां, दीवाली की वजह से उम्मीदें ज्यादा थीं। बीते साल हमने भूल भूलैया 3 और सिंघम अगेन की कमाई देखी थी लेकिन हमें ये भी नहीं भूलना चाहिए कि उन फिल्मों में सुपरस्टार्स थे जबकि थामा और एक दीवाने की दीवानियत की स्टारपावर वैसी नहीं है। नम्बर्स की बात करें तो थामा डीसेंट कमाई कर रही है और ये आयुषमान की बिगेस्ट हिट होगी। थामा मैडॉक के हॉरर यूनिवर्स से है, जिस कारण इससे 200 करोड़ की उम्मीद थी लेकिन हमें ये भी समझना पड़ेगा कि मेकर्स ने एक नया कैरेक्टर लोगों के सामने पेश किया है। ऐसे में अगर ये फिल्म 150 करोड़ भी करती है तो इसे अच्छा माना जाएगा। एक दीवाने की दीवानियत का लाइफटाइम बिजनेस 70-80 करोड़ रुपये रहेगा। फिल्म की प्रोडक्शन कॉस्ट काफी कम है, जिसको देखते हुए ये मेकर्स के लिए प्रॉफिटेबल साबित होगी। थिएट्रिकल कमाई के साथ-साथ फिल्म ओटीटी और म्यूजिक से भी कमाएगी। हर्षवर्धन और सोनम के लिए ये बहुत बड़ी सफलता मानी जाएगी।"

बजट के बात करें तो थामा को बनाने में मैडॉक के लगभग 125 करोड़ रुपये लगे हैं तो वहीं एक दीवाने की दीवानियत को बनाने में लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। ट्रेड एक्सपर्ट और फिल्म एग्जिबिटर अक्षय राठी ने भी थामा-एक दीवाने की दीवानियत की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस और बजट के बारे में बात करते हुए कहा है, "थामा और एक दीवाने की दीवानियत की कास्ट और बजट्स को देखते हुए कहा जा सकता है कि दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कर रही हैं। हालांकि पिछली दीवाली से इस साल की दीवाली बॉलीवुड के लिए थोड़ी फीकी रही है क्योंकि इस बार की छुट्टियां वैसी नहीं थीं। बजट, कास्ट और छुट्टियों को देखते हुए थामा-एक दीवाने की दीवानियत की कमाई को खराब नहीं कहा जा सकता है।"

थामा और एक दीवाने की दीवानियत की रील्स और वीडियोज कितनी भी वायरल हो रही हों लेकिन सोशल मीडिया पर नजर आ रहा पागलपन बॉक्स ऑफिस नम्बर्स में तब्दील होता नहीं दिख रहा है। रिलीज के बाद से ही इन दोनों फिल्मों की कमाई में लगातार गिरावट आ रही है। ये दोनों मूवीज अपने बजट से ज्यादा रुपये रिकवर कर लेंगी लेकिन इनके प्रॉफिटेबल होने से बॉलीवुड की दीवाली धमाके वाली नहीं हो पाएगी। दीवाली पर रिलीज होने वाली फिल्मों से उम्दा कमाई की उम्मीद होती है, जिस पर ये दोनों ही फिल्में खरी नहीं उतरी हैं। थामा की कमाई इसे "एवरेज हिट" बनाती है तो वहीं एक दीवाने की दीवानियत के आंकड़े इसे "क्लीन हिट" की कैटेगिरी में पहुंचने में मदद करेंगे। हालांकि इन दोनों फिल्मों से आयुष्मान-रश्मिका और हर्षवर्धन-सोनम को करियर में बहुत ज्यादा फायदा होता नहीं दिख रहा है क्योंकि हॉरर यूनिवर्स की मूवी होने के बाद भी थामा बॉक्स ऑफिस पर रेंगते हुए चल रही है तो वहीं सिंगल स्क्रीन थिएटर्स की जा बतायी जा रही एक दीवाने की दीवानियत 2 हफ्तों का सफर भी सिनेमाघरों में पूरा करती नहीं दिख रही है।

Rahul Sharma
राहुल शर्माauthor

राहुल शर्मा एंटरटनमेंट जर्नलिज्म में 13 वर्षों का समृद्ध अनुभव रखते हैं। वह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम के लीड के रूप में काम कर रहे हैं। जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा करने वाले राहुल अब तक 14,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े बॉलीवुड और टीवी सितारों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं, साथ ही प्रभावशाली फिल्म रिव्यू, फीचर स्टोरीज और रोचक थ्रोबैक आर्टिकल भी लिखे हैं। उनकी लेखन शैली में गहराई, सहजता और इंडस्ट्री की गहरी समझ साफ झलकती है। राहुल को फिल्में देखना, नई जगहों की यात्रा करना और किताबें पढ़ना बेहद पसंद है, जो उनकी रचनात्मकता और कंटेंट गुणवत्ता को और निखारते हैं।

और पढ़ें
End of Article