Suniel Shetty Roped in Tiger Shroff's Next: टाइगर श्रॉफ बॉलीवुड इंडस्ट्री के एक्शन स्टार्स में से एक हैं। 'हीरोपंती' के जरिए बतौर लीड एक्टर एक्टिंग की दुनिया में शुरुआत करने के बाद टाइगर श्रॉफ ने एक के बाद एक कई बेहतरीन फिल्में कीं। बीते कुछ सालों में टाइगर श्रॉफ की फिल्में दर्शकों को खास पसंद नहीं आईं। इन फिल्मों के फ्लॉप होने से निर्माताओं को भी तगड़ा नुकसान झेलना पड़ा। टाइगर श्रॉफ के डूबते करियर को बचाने के लिए मुराद खेतानी ने अभिनेता संग एक एक्शन-थ्रिलर मूवी बनाने का फैसला किया। इस मूवी में अब दिग्गज अभिनेता सुनील शेट्टी की एंट्री होती नजर आ रही है।
टाइगर श्रॉफ संग स्क्रीन स्पेस शेयर करेंगे सुनील शेट्टी
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार सुनील शेट्टी ने टाइगर श्रॉफ की इस एक्शन-थ्रिलर मूवी के लिए हाथ मिला लिया है। सुनील शेट्टी और टाइगर श्रॉफ को एक-साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करते हुए देखा जाएगा। फिलहाल सुनील शेट्टी का किरदार कैसा होगा? यह जानकारी सीक्रेट रखी गई है। यह बात तय है कि सुनील शेट्टी का रोल काफी दमदार होने वाला है। मेकर्स इस एक्शन-थ्रिलर की शूटिंग 10 अप्रैल से मुंबई के गोरेगांव और मलाड में शुरू की जाएगी। फिल्म को जुलाई पर पूरा करने की उम्मीद है। (इसे भी पढ़ें: अल्लू अर्जुन ने नए प्रोजेक्ट के लिए बेसिल जोसेफ संग मिलाया हाथ, बॉक्स ऑफिस पर मचेगा तहलका)
सचिन रवि करेंगे डायरेक्ट
टाइगर श्रॉफ और सुनील शेट्टी की इस मूवी का निर्देशन कन्नड़ फिल्ममेकर सचिन रवि करेंगे। इससे पहले उन्होंने रक्षित शेट्टी की 2019 की कॉप एंटरटेनर फिल्म 'अवने श्रीमन्नारायण' को डायरेक्ट किया था। रिपोर्ट्स बताती हैं कि सचिन रवि ने शाहिद कपूर के साथ 'अश्वत्थामा: द सागा कंटीन्यूज' बनाने का प्लान किया था लेकिन बजट की कमी के चलते इस प्रोजेक्ट को बंद करना पड़ा। फिल्म का निर्माण मुराद खेतानी के सिने1 स्टूडियो के तहत किया जाएगा।
आखिरी बार 'बागी 4' में आए थे नजर
टाइगर श्रॉफ को आखिरी बार फिल्म 'बागी 4' में देखा गया था। ए. हर्षा के निर्देशन में बनी यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फ्लॉप रही थी। साजिद नाडियाडवाला द्वारा निर्मित फिल्म में टाइगर श्रॉफ की भिड़ंत संजय दत्त से देखने को मिली थी। इस मूवी में हरनाज संधू और सोनम बाजवा अहम रोल में नजर आई थीं।
