Priyanka Chopra and Kamala Harris Interview: प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। ग्लोबल पर्सनालिटी बन चुकीं प्रियंका चोपड़ा ने एक बार फिर देश को गौरवांवित महसूस करवाया है। एक्ट्रेस ने हाल ही में व्हाइट हाउस का दौरा किया है और वहां अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का इंटरव्यू किया। इस दौरान प्रियंका ने कमला हैरिस संग एक हेल्थी कॉन्वर्जेशन किया।
डेमोक्रेटिक नेशनल कमिटी वुमन्स लीडरशिप फोरम के तहत इस इंटरव्यू के दौरान प्रियंका ने अमेरिका में वेतन की समानता और बंदूक पर कानून जैसे कई विषयों पर उपराष्ट्रपति से सवाल पूछे। प्रियंका जब इंटरव्यू ले रही थीं, तब निक जोनस वहीं खड़े थे और बेटी मालती का ध्यान रख रहे थे। सोशल मीडिया पर लोग इसे भी औरत और मर्द की बराबर की जिम्मेदारी से जोड़कर देख रहे हैं। बातचीत के दौरान प्रियंका ने खुलासा किया कि 22 साल के करियर में पहली बार उन्हें भी मर्दों के बराबर फीस मिली है। प्रियंका चोपड़ा का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक एक्ट्रेस और एक्टर को मिलने वाली फीस के अंतर पर बड़ी बहस छिड़ी हुई है।
प्रियंका चोपड़ा ने बीते दिनों हिंदुस्तान में मैरिटल रेप और अबॉर्शन पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी स्वागत किया था। सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाते हुए कहा कि एक महिला को यह अधिकार मिलना चाहिए कि वह बिना किसी तीसरे पक्ष की बात सुने अपना गर्भपात करवा सके। यह 'रिप्रोडक्टिव अटोनॉमी' है। प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'चुनने का अधिकार। दुनियाभर में महिलाओं के लिए यह एकमात्र तरीका होना चाहिए। एक प्रगतिशील कदम!'
बता दें, प्रियंका के पास 'इट्स ऑल कमिंग बैक टू मी' और सीरिज 'सिटाडेल' जैसी इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स हैं। रूसो ब्रदर्स द्वारा निर्मित, सिटाडेल ओटीटी प्लैटफॉर्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा। बॉलीवुड की बात करें तो वो फरहान अख्तर की 'जी ले जरा' में आलिया भट्ट और कटरीना कैफ के साथ नजर आएंगी। फिल्म कथित तौर पर 2023 की गर्मियों में रिलीज होने की उम्मीद है।
