Phone Bhoot Box office Day 3: बॉलीवुड एक्ट्रेस कटरीना कैफ (Katrina Kaif), सिद्धांत चतुर्वेदी (Siddhant Chaturvedi) और ईशान खट्टर (Ishaan Khatter) की नई फिल्म 'फोन भूत' (Phone Bhoot) को रिलीज हुए 3 दिन पूरे हो गए हैं। फिल्म को पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत मिली है। इस फिल्म की तीसरे दिन की कमाई में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है। पहले वीकेंड पर कैटरीना कैफ की फिल्म 7 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार करने में सफल रही है।
मशहूर ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने 'फोन भूत' की तीसरे दिन की कमाई के आंकड़े अपने ट्विटर हैंडल पर जारी कर दिए हैं। फिल्म ने पहले 2.05 करोड़ रुपये कलेक्शन किया था। दूसरे दिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 2.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने में कामयाब रही थी। वहीं अब रविवार के दिन 'फोन भूत' ने 3.05 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की है। पहले वीकेंड पर कटरीना कैफ, ईशान खट्टर और सिद्धांत चतुर्वेदी की फिल्म 7.85 करोड़ रुपये जुटा पाई है। ट्रेड रिपोर्ट्स की मानें तो 'फोन भूत' की कमाई में सोमवार के दिन गिरावट देखने को मिल सकती है।
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस हॉरर कॉमेडी को दर्शक लगातार पसंद कर रहे हैं। यही वजह है कि फिल्म की कमाई के आंकड़ों में हर दिन उछाल देखने को मिला है। फिल्म के कमाई और भी बढ़ सकती थी लेकिन ऋषभ शेट्टी की हालिया रिलीज हुई 'कंतारा' की वजह से 'फोन भूत' के कलेक्शन पर काफी असर पड़ा है। ऋषभ शेट्टी की ये फिल्म हिंदी बेल्ट पर 57 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है।
